IND vs SL: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जाने के लिए तैयार है गिल का प्लान, श्रीलंका में करेंगे शुरुआत
शुभमन गिल ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचने के लिए अपनी योजना बनाई है, जिसका आगाज श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट से होगा।
-1786702251165_m.webp)
शुभमन गिल ने की डब्ल्यूटीसी की प्लानिंग

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टेस्ट टीम का तीसरी बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलना काफी मुश्किल लग रहा है। हालांकि, कप्तान शुभमन गिल ने इस मुश्किल काम के लिए प्लानिंग कर ली है और अपना टारगेट भी सेट कर लिया है। इसकी शुरुआत वह श्रीलंका के खिलाफ शनिवार से शुरू हो रहे पहले टेस्ट मैच से करेंगे।
भारत ने शुरुआती दो चरण में लगातार टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला। पिछली बार टीम इंडिया चूक गई थी। इस बार न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर में मिली हार ने उसका काम मुश्किल कर दिया है।
श्रीलंका से करेंगे शुरुआत
गिल ने कहा है कि भारत को फाइनल की रेस में बने रहने के लिए जो जीतें चाहिए उसके लिए पर्याप्त प्रयास करने होंगे। गिल ने बतौर टेस्ट कप्तान अपना एक साल भी पूरा कर लिया है और अपने रोल से खुश दिख रहे हैं। गिल ने गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाने वाला पहले टेस्ट मैच से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मैं कप्तान के अपने रोल में काफी सहज हूं। हमारा लक्ष्य टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की रेस में बने रहना है। हमें इसके लिए छह-सात टेस्ट मैच जीतने हैं। इसलिए हमें यहां से शुरुआत करनी होगी।"
भारत को अभी कुल नौ टेस्ट मैच खेलने हैं जिसमें से उसे सात-आठ में जीत चाहिए तभी वह टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर पाएगी। टीम इंडिया इस समय टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। उसका अंक प्रतिशत 48.15 है। वहीं श्रीलंका उससे ठीक नीचे छठे स्थान पर है। उसका अंक प्रतिशत 41.67 है।
भारत का 600वां टेस्ट मैच
श्रीलंका के खिलाफ शनिवार से शुरू हो रहा टेस्ट मैच भारत का 600वां टेस्ट मैच होगा। ये मैच भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुरू हो रहा है। ऐसे में गिल ने कहा कि उनके लिए इस ऐतिहासिक टेस्ट मैच में टीम की कप्तानी करना गर्व की बात है।
यह भी पढ़ें- IND vs SL: ओवल के रास्ते में खड़ा गॉल का किला, गिल के लिए नहीं है चुनौती आसान
यह भी पढ़ें- IND vs SL Test Pitch Report: 'कुछ तो जरूर होगा...' क्या गुल खिलाएगी गॉल की पिच? बदला नजर आ रहा है मिजाज
गिल ने कहा, "600वें टेस्ट मैच में अपने देश का नेतृत्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है। स्वतंत्रता दिवस के दिन ये करना और भी ज्यादा सम्मान की बात है।"

