'विराट-रोहित को बाहर करें या?' वर्ल्ड कप 2027 को लेकर युवराज सिंह ने टीम मैनेजमेंट को सुनाई खरी-खोटी
दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली के वर्ल्ड कप 2027 में खेलने को लेकर अभी तक संशय बरकरार है। ऐसे में उनको लेकर युवराज सिंह ने बड़ी मांग की है ...और पढ़ें

युवराज सिंह
HighLights
युवराज सिंह ने रोहित-विराट के लिए की बड़ी मांग
वर्ल्ड कप 2027 को लेकर जुड़ा है मामला
रोहित-विराट के वर्ल्ड कप में खेलने पर संशय
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पूर्व दिग्गज हरफनमौला खिलाड़ी युवराज सिंह ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया है। युवराज का मानना है कि रोहित और विराट की वनडे विश्व कप 2027 को लेकर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। सिंह का कहना है कि इन दोनों के कद जैसे खिलाड़ी को अपनी भूमिका पता होनी चाहिए। उनके साथ बैठकर बात करने की जरूरत है।
गौरतलब है कि रोहित और विराट वनडे वर्ल्ड कप 2027 में खेलने को लेकर प्रतिबद्ध दिखाई देते हैं। रोहित ने पिछले कुछ समय से अपनी फिटनेस पर काम किया है, जो उनके विश्व कप में खेलने की चाहत को दर्शाता है। दोनों दिग्गजों ने हाल के समय में अपनी फॉर्म भी दिखाई है। आखिरी वनडे सीरीज में कोहली ने दो शतक लगाए थे। तो वहीं हिटमैन 38 की उम्र में वनडे रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंचे थे। ऐसे में अब युवराज का मानना है कि उन्हें पूरी स्पष्टता होनी चाहिए।
रोहित शर्मा और विराट कोहली से बात करनी चाहिए: युवराज सिंह
युवराज ने कहा, "मुझे नहीं पता है कि उन दोनों के मन में क्या चल रहा है। वे वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं। मुझे लगता है कि ये फैसला उनके और सेलेक्टर्स पर निर्भर करता है, जिन्हें भविष्य का निर्णय लेना है। वे इतने महान खिलाड़ी हैं और इस वजह से स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। उनके साथ कमरे में बैठकर खुलकर चर्चा करनी चाहिए। करियर के इस पड़ाव में ये बहुत मुश्किल होता है। शायद आपको सुनना ये अच्छा न लगे कि टीम से आपके आगे की योजना पर विचार कर रही है।"
विराट और रोहित को लेकर कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उनके वर्ल्ड कप 2027 में खेलने को लेकर संदेह है। हालांकि, इसके बावजूद दोनों वनडे टीम का हिस्सा बने हुए हैं। अक्टूबर 2025 में रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 202 में रन बनाए थे, जिसमें एक मैच विनिंग शतक शामिल था। तो वहीं कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दो शतकों के साथ 302 रन बनाए थे। दोनों दिग्गजों का अनुभव भी भारतीय टीम के काम आ सकता है और युवराज का भी कुछ ऐसा ही मानना है।
खबरें और भी
टीम में अनुभव होना जरूरी: युवराज सिंह
स्पोर्ट्स तक से बात करते हुए पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने कहा, "मैं नहीं चाहता हूं कि इतने सालों तक देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी ऐसी स्थिति में फंस जाएं, जहां उन्हें यही पता न हो कि आगे की योजना क्या है। उन्हें या तो बताया जाए कि वे वर्ल्ड कप तक टीम का हिस्सा होंगे या फिर स्पष्ट किया जाए कि टीम युवा खिलाड़ियों पर विचार कर रही है। उन्हें सच्चाई बतानी चाहिए और मुझे लगता है कि ये आईपीएल के बाद होना चाहिए। टीम में अनुभव होना जरूरी है और आप सभी युवा खिलाड़ियों के साथ नहीं जा सकते हैं। विश्व कप के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे खिलाड़ी टीम में होने चाहिए।"