सात गेंद, 0 रन और तीन विकेट... दीप्ति शर्मा बनी महिला क्रिकेट की नई क्वीन, एशिया कप के पहले ही मैच में बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी गेंदबाज दीप्ति शर्मा ने एशिया कप के पहले ही मैच में कमाल कर दिया ...और पढ़ें

दीप्ति शर्मा ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप का शानदार आगाज किया है। टीम इंडिया ने शेफाली वर्मा के तूफानी 64 रनों के बाद अनुभवी स्पिनर दीप्ति शर्मा (3/0) और नंदनी शर्मा (3/18) के शानदार प्रदर्शन के दम पर रविवार को ग्रुप ए मैच में थाइलैंड को 94 रन से हरा दिया। इस मैच के बाद दीप्ति ने अपना नाम रिकॉर्ड बुक में लिखवा लिया है।
बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद भारत ने शेफाली के 19वें टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक से नौ विकेट पर 159 रन का स्कोर खड़ा किया। लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने थाइलैंड की टीम 16.1 ओवर में महज 65 रन पर सिमट गई।
दीप्ति के नाम बड़ा रिकॉर्ड
दीप्ति ने एशिया कप के मैच में ऐतिहासिक गेंदबाजी करते हुए अपने नाम बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कर लिया और इसके लिए उन्होंने ज्यादा गेंदबाजी भी नहीं की। दीप्ति ने इस मैच में महज सात गेंदें फेंकी और बिना एक भी रन दिए तीन विकेट लिए। इसी के साथ वह महिला टी20 इंटरनेशनल के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं।
दीप्ति के अब 171 टी20 इंटरनेशनल विकेट हो गए हैं। वह थाईलैंड की थिपाटचा पुथावोंक से आगे निकल गई हैं। उनके नाम 170 विकेट हैं। दीप्ति के ये रिकॉर्ड अहम दिन आया। उन्होंने अपने 150वें टी20 इंटरनेशनल मैच में ये रिकॉर्ड अपने नाम किया है। दीप्ति 150वां टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना के बाद केवल तीसरी भारतीय खिलाड़ी बनी हैं।
ऐसा रहा मैच
थाइलैंड के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज नानाफत कोंचारोएंकई (41 रन) एकमात्र खिलाड़ी रहीं जो दोहरे अंक तक पहुंचीं। दीप्ति के अलावा नंदनी शर्मा ने चार ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट चटकाए जबकि श्री चरणी ने तीन ओवर में 10 रन देकर दो विकेट प्राप्त किए। क्रांति गौड़ ने चार ओवर में 26 रन देकर थाइलैंड की पारी का पहला विकेट झटका।
इससे पहले थाइलैंड की स्पिनरों ने सुलीपोर्ण लाओमी की अगुआई में भारत को बड़े स्कोर से वंचित कर दिया। शेफाली ने अपनी 36 गेंद की पारी में आठ चौके और तीन छक्के लगाए, जिससे भारतीय टीम 200 से अधिक के स्कोर तक पहुंचने की स्थिति में दिख रही थी, लेकिन इसके बाद पारी बिखर गई। भारत के लिए पदार्पण करने वाली प्रतिका रावल ने 22 रन और स्मृति मंधाना ने 19 रन का योगदान दिया।
भारत ने 21 रन के अंदर चार विकेट गंवा दिए। लाओमी की गेंदों में बदलाव, ड्रिफ्ट और फ्लाइट ने भारतीय मध्यक्रम को परेशानी में डाल दिया। 28 वर्षीय लेग स्पिनर लाओमी ने 26 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्होंने शेफाली और ऋचा घोष को लगातार दो गेंद पर आउट किया। आफ स्पिनर सुनीदा चातुरोंगरत्ताना ने 31 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
