On This Day: कपिल देव ने की थी महान ऑलराउंडर के रिकॉर्ड की बराबरी, भारत ने विशाल स्कोर बनाकर क्रिकेट जगत में मचाया हड़कंप
भारत और श्रीलंका के बीच 32 साल पहले बेंगलुरु में टेस्ट मैच खेला गया, जो महान ऑलराउंडर कपिल देव के लिए यादगार बन गया। इसी मुकाबले में टीम इंडिया ने भी ...और पढ़ें

कपिल देव और मोहम्मद अजहरुद्दीन (Pic Credit - X)
HighLights
भारत और श्रीलंका के बीच बेंगलुरु में खेला गया टेस्ट
कपिल देव ने रिचर्ड हेडली के रिकॉर्ड की बराबरी की
भारत ने श्रीलंका को एक पारी और 95 रन से मात दी
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट और खिलाड़ियों के लिए फैंस का लगाव हम सदियों से देखते आए हैं। जब एक ही मैच में टीम और खिलाड़ी दोनों बड़ी उपलब्धि हासिल कर लें तो फैंस की खुशी का ठिकाना देखते ही बनता है। यही वजह है कि फैंस और भारतीय क्रिकेट के साथ-साथ कपिल देव के लिए 30 जनवरी का दिन बेहद खास और यादगार है।
32 साल पहले यानी 1994 में भारत और श्रीलंका के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर एक ऐतिहासिक टेस्ट मैच खेला गया। 26-30 जनवरी 1994 तक इस टेस्ट में टीम इंडिया और कपिल देव दोनों ने खास उपलब्धि हासिल की थी।
यही वजह है कि क्रिकेट फैंस बेंगलुरु में इस टेस्ट को आज भी भूल नहीं पाते हैं। चलिए आपको बताते हैं कि इस टेस्ट में दो क्या अचंभे हुए, जिसे भारतीय क्रिकेट फैंस चाहकर भी भुला नहीं सकते।
भारत की विशाल उपलब्धि
याद दिला दें कि इस मुकाबले में भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया ने नवजोत सिंह सिद्धू (99), विनोद कांबली (82), सचिन तेंदुलकर (96), मोहम्मद अजहरुद्दीन (108) और कपिल देव (53*) की उम्दा पारियों के दम पर अपनी पारी 161 ओवर में 541/6 के स्कोर पर घोषित की।
भारत ने हिमालयीन स्कोर खड़ा किया और घरेलू जमीन पर लगातार पांचवीं बार 500 रन का आंकड़ा पार किया। भारतीय टीम की बल्लेबाजी का दम इसी स्कोर से पता चलता है कि घर में वो विरोधियों के लिए कैसे अभेद किला बनकर खेलते थे।
खबरें और भी
कपिल देव का कारनामा
भारत के विशाल स्कोर के सामने श्रीलंका का खस्ता हाल हुआ। श्रीलंका की पारी का बेड़ागर्क होने की प्रमुख वजह कपिल देव रहे, जिन्होंने पहली पारी में तीन विकेट चटकाए। श्रीलंका की पहली पारी केवल 58.1 ओवर में 231 रन पर ढेर हो गई। इस तरह भारत को पहली पारी के आधार पर 310 रन की विशाल बढ़त मिली।
टीम इंडिया ने श्रीलंका को फॉलोऑन देने का फैसला किया। श्रीलंका की दूसरी पारी केवल 215 रन पर ऑलआउट हो गई। हसन तिलकरत्ने (80) मेहमान टीम के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे। कपिल देव ने डॉन अनुरासिरी को आउट करके श्रीलंका की पारी समेटी और एक विशेष उपलब्धि हासिल की।
30 जनवरी 1994 को कपिल देव ने डॉन अनुरासिरी को अपने टेस्ट करियर का 431वां शिकार बनाया और न्यूजीलैंड के महान ऑलराउंडर रिचर्ड हेडली के विकेटों की बराबरी की। रिचर्ड हेडली ने भी टेस्ट करियर में 431 विकेट चटकाए थे। कपिल देव ने 9 दिन बाद अहमदाबाद में हसन तिलकरत्ने को आउट करके 432 विकेट पूरे किए और नया कीर्तिमान स्थापित किया।
यह भी पढ़ें- शुभमन गिल को टी20 वर्ल्ड कप से हटाने पर भड़के योगराज सिंह, अजीत अगरकर पर लगाए गंभीर आरोप
यह भी पढ़ें- 'भाई पसली मत तोड़ देना', विराट कोहली की बीच स्टेज पर हुई हालत खराब, दर्द के मारे हुआ बुरा हाल, देखें Video
यह भी पढ़ें- क्रिकेट के लिए जो अच्छा हो... कपिल देव ने स्प्लिट कोचिंग को लेकर कह दी बड़ी बात