IND vs PAK: सहवाग-द्रविड़ सब हुए फेल तब अर्जुन राजपूत ने निकाली तलवार, पाकिस्तानी गेंदबाजों की पिटाई कर जमाया तूफानी शतक
अर्जुन राजपूत ने पाकिस्तान के खिलाफ एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप के मुकाबले में शानदार तूफानी शतक जमाया है।

अर्जुन राजपूत का शतक (फोटो- BCCI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज अर्जुन राजपूत ने रविवार को एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ तूफानी शतक जड़ दिया है। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 11 चौके और पांच गगनचुंबी छक्के लगाए।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया, जो उसी पर भारी पड़ गया। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी दूसरी ही गेंद पर बोल्ड गए। भारत इस दौरान नियमित अंतराल पर विकेट गंवाता रहा। वहीं अर्जुन एक छोर पर डटे रहे और शतक जमाया।
अर्जुन बने संकटमोचक
इस मैच में सभी की निगाहें आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ पर थी। मगर दोनों ने निराश किया। सहवाग 22 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं अन्वय द्रविड़ सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
भारत ने 22 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे तब अर्जुन की क्रीज पर एंट्री हुई। एक ओर भारतीय बल्लेबाज दबाव में नजर आ रहे थे। दूसरी ओर अर्जुन ने पाकिस्तानी गेंदबाजों पर दबाव डालना शुरू किया।
अर्जुन ने 5वें विकेट के लिए द्रविड़ के साथ 44 रन जोड़े, जिसमें अन्वय का योगदान सिर्फ 10 रनों का रहा। इसके बाद राजपूत ने छठे विकेट के लिए मनल चौहान के साथ 55 गेंदों में 64 रनों की साझेदारी की। इसमें भी 64 में से 50 रन अर्जुन के बल्ले से आए। अर्जुन ने इस दौरान 80 गेंदों में सेंचुरी पूरी की।
अर्जुन ने 85 गेंदें खेलकर 107 रन जड़े। वो रिजवानुल्लाह का शिकार हुए। मगर उनकी इस पारी ने भारत के स्कोर को 200 के करीब ले जाने में अहम भूमिका निभाई।
अर्जुन की पारी से बची लाज
अर्जुन की शतकीय पारी ने भारतीय टीम की लाज बचा ली। अर्जुन की पारी की वजह से भारत का स्कोर 200 के करीब पहुंचा है। शायद अगर अर्जुन अपना विकेट गंवा बैठते तो भारत 150 के करीब में ही सिमट जाता।
खबर लिखे जाने तक 42 ओवर हो गए हैं। भारत ने 8 विकेट के नुकसान पर 195 रन बना लिए हैं। मोहित उल्वा और काव्य पटेल क्रीज पर मौजूद हैं। उनकी नजर बचे हुए आठ ओवर खेल ज्यादा से ज्यादा रन बटोरने पर होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।