BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास की बढ़ी मुश्किलें, जन्मतिथि में हेरफेर का लगा आरोप
जम्मू के स्पेशल रेलवे मजिस्ट्रेट ने BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास के जन्म प्रमाण पत्र में विसंगति की जांच का आदेश दिया है। पूर्व डीएसपी सुदर्शन मेहता ने उन पर जन्मतिथि में हेरफेर का आरोप लगाते हुए याचिका दायर की थी।

मिथुन मन्हास

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जम्मू। स्पेशल रेलवे मजिस्ट्रेट जम्मू ने पुलिस को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष मिथुन मन्हास के विरुद्ध उनके जन्म प्रमाण पत्र में विसंगति के मामले की जांच का आदेश दिया है। पूर्व डीएसपी और जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व संयुक्त सचिव सुदर्शन मेहता ने याचिका दायर कर मन्हास पर स्कूल के रिकॉर्ड में दर्ज जन्मतिथि से भिन्न जन्मतिथि दर्ज कराने का आरोप लगाया है।
याचिका पर सुनवाई करते हुए जम्मू के विशेष रेलवे मजिस्ट्रेट की अदालत के सब-जज संदीप सिंह सेन ने नवाबाद पुलिस थाना प्रभारी को मामले की प्रारंभिक जांच करने और तीन सितंबर या उससे पहले रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। याचिकाकर्ता ने धोखाधड़ी, जालसाजी और जन्मतिथि में हेराफेरी के अपराध के लिए एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी।
BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने दो बार बदली जन्मतिथि
याचिकाकर्ता के अनुसार, मिथुन मन्हास ने राष्ट्रीय स्तर पर जूनियर क्रिकेट खेलने का लाभ उठाने के लिए अपनी जन्मतिथि में हेराफेरी की और सब जूनियर और जूनियर श्रेणी के राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में चयन के लिए दो जन्मतिथियां दिखाईं। महाराजा हरि सिंह कृषि महाविद्यालय (एमएचएसी) स्कूल नागबानी जम्मू से मिथुन मन्हास ने पढ़ाई की थी।
ईमेल के माध्यम से प्राप्त जानकारी के अनुसार उनकी जन्मतिथि 9.12.1977 बताई गई है, जबकि दिल्ली और जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) की आधिकारिक वेबसाइट पर उनकी जन्मतिथि 12.10.1979 दर्ज है। यह तथ्य याचिकाकर्ता ने न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। एमएचएसी नागबानी ने भी जवाब दिया कि मिथुन मन्हास प्रेजेंटेशन कॉन्वेंट स्कूल गांधी नगर, जम्मू के छात्र थे और बाद में 27.07.1988 को कक्षा छह में प्रवेश संख्या 2236 के तहत एमएचएसी स्कूल नागबानी में स्थानांतरित हुए थे। स्कूल रिकॉर्ड के अनुसार उनकी जन्मतिथि 09.12.1977 थी।
