ENG vs IND 2nd ODI Preview: गिल की फिटनेस और रोहित की फॉर्म पर रहेंगी निगाहें, सीरीज जीतने उतरेगी भारतीय टीम
भारतीय टीम इंग्लैंड के विरुद्ध गुरुवार को होने वाले दूसरा वनडे मैच खेलने के लिए उतरेगी तो कप्तान शुभमन गिल की फिटनेस और प्रारंभिक बल्लेबाज रोहित शर्मा की फॉर्म पर सभी का ध्यान केंद्रित रहेगा।

सीरीज जीतने पर भारत की नजर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
कार्डिफ, पीटीआई। पहले मैच में जीत से उत्साहित भारतीय टीम इंग्लैंड के विरुद्ध गुरुवार को होने वाले दूसरा वनडे मैच खेलने के लिए उतरेगी तो कप्तान शुभमन गिल की फिटनेस और प्रारंभिक बल्लेबाज रोहित शर्मा की फॉर्म पर सभी का ध्यान केंद्रित रहेगा।
गिल ने बर्मिंघम में खेले गए पहले वनडे में भारत की छह विकेट से जीत में 80 रन बनाए थे, लेकिन मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा था। भारत उनके जल्द से जल्द फिट होने की उम्मीद कर रहा होगा। पिछले कुछ समय में यह पहला अवसर नहीं है जबकि गिल को फिटनेस संबंधी समस्या के कारण मैदान छोड़ना पड़ा।
पिछले साल कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध पहले टेस्ट मैच के दौरान गिल मैदान से बाहर चले गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। तब वह उस सीरीज के बाकी मैच में नहीं खेल पाए थे। भारतीय टीम दुआ कर रही होगी कि फिर से ऐसा नहीं हो क्योंकि एक कप्तान और शीर्ष क्रम के बल्लेबाज के रूप में टीम को उनकी सख्त जरूरत है।
फिटनेस समस्या नहीं
गिल के प्रारंभिक जोड़ीदार रोहित को ऐसी कोई फिटनेस समस्या नहीं है, लेकिन टीम प्रबंधन उनके प्रदर्शन पर जरूर नजर रखेगा। रोहित ने कप्तानी गंवाने के बाद अपने आक्रामक रवैए पर अंकुश लगाया लेकिन उन्हें अभी तक इससे खास फायदा नहीं हुआ है। रोहित ने पिछले साल अक्टूबर से 13 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने एक शतक और चार अर्धशतकों की मदद से 46.91 के औसत से 563 रन बनाए हैं।
यह कोई मामूली रिकॉर्ड नहीं है। लेकिन भारतीय ड्रेसिंग रूम के मौजूदा हालात ने रोहित के लिए लगभग हर मैच में अच्छा प्रदर्शन करना अनिवार्य बना दिया है। अभी यह सोचना कल्पना से परे होगा कि रोहित अगले कुछ मैचों में असफल रहने पर 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप की दौड़ से बाहर हो जाएंगे।
कोहली बेहतर स्थिति में
रोहित के विपरीत एक अन्य सीनियर खिलाड़ी विराट कोहली फिटनेस और आंकड़ों दोनों के मामले में बेहतर स्थिति में हैं। कोहली ने पिछले साल अक्टूबर से 10 मैचों में 77.62 के औसत से 621 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और इतने ही अर्धशतक शामिल हैं।
वह भी रोहित की तरह पहले मैच में नहीं चल पाए लेकिन टीम में उनके स्थान पर किसी तरह का खतरा नजर नहीं आ रहा है। भारत के लिए एक बड़ी सकारात्मक बात यह है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 2023 विश्व कप फाइनल के बाद पहली बार 50 ओवर के प्रारूप में वापसी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
अक्षर-वॉशिंगटन की फार्म से टीम प्रबंधन खुश
ऑलराउंडर अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर की फार्म में वापसी से भी टीम प्रबंधन बेहद खुश होगा। पिछले मैच में जीत के बाद गिल ने संकेत दिए थे कि टीम प्रबंधन परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग संयोजन आजमाएगा। सोफिया गार्डंस की पिच में अक्सर अच्छी उछाल और गति होती है, जिससे तेज गेंदबाजों को मौका मिलता है। ऐसे में भारत गुरनूर बराड़ की जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को टीम में शामिल कर सकता है।
भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव।
इंग्लैंड टीम
हैरी ब्रूक (कप्तान), बेन डकेट, जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम बैंटन, जो रूट, जैकब बेथेल, विल जैक्स, रेहान अहमद, लियाम डासन, जेम्स कोल्स, सैम करन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, जोस टंग, साकिब महमूद, आदिल राशिद।
यह भी पढ़ें- ENG vs IND 2nd ODI Live Streaming: बदल गया दूसरे वनडे का समय, फ्री में ऐसे देख पाएंगे यह मुकाबला
