एयरस्पेस बंद होने से भारत में फंसी क्रिकेट टीमें, ICC ने की चार्टर उड़ानों की खास व्यवस्था
अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमलों से अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र में व्यवधान के कारण इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज की क्रिकेट टीमें भारत में ...और पढ़ें

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम
HighLights
अमेरिका-इजराइल हमलों से हवाई क्षेत्र बाधित, टीमें भारत में फंसी
ICC ने इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज के लिए चार्टर उड़ानें कीं
वेस्टइंडीज कोच डैरेन सैमी ने वापसी में देरी पर नाराजगी जताई
पीटीआई, नई दिल्ली। अमेरिका और इजराइल के ईरान पर किए गए हमलों के बाद अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र में हुए व्यवधान के बाद इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीम इस सप्ताह के अंत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा मुहैया कराई गई चार्टर उड़ानों से भारत से रवाना होंगी। जानकारी है कि गत गुरुवार को दूसरे सेमीफाइनल में भारत से हारने वाली इंग्लैंड टीम मुंबई से लंदन के लिए सीधी उड़ान से रवाना होगी।
वहीं वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका अन्य दो टीमें हैं, जो अपना अभियान समाप्त होने के बावजूद अब भी भारत में हैं।वेस्टइंडीज की टीम भारत से पांच विकेट से हारने के बाद टी-20 विश्व कप से बाहर हो गई थी। दक्षिण अफ्रीका का अभियान भी बुधवार को पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से हार के साथ समाप्त हो गया था। दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज दोनों कोलकाता से एक अन्य चार्टर उड़ान से यात्रा करेंगे।
वेस्टइंडीज-साउथ अफ्रीका जोहान्सबर्ग के लिए भरेंगे उड़ान
दोनों टीमें पहले जोहान्सबर्ग जाएंगी, जिसके बाद वेस्टइंडीज का दल एंटीगा के लिए आगे जाएगा। इनकी उड़ान का सटीक समय अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन इसके रविवार को रवाना होने की उम्मीद है। दक्षिण अफ्रीका के दल का एक हिस्सा 15 मार्च से शुरू होने वाले सीमित ओवरों के दौरे के लिए रविवार को न्यूजीलैंड रवाना होगा, जिसमें टीम प्रबंधन के सदस्य और खिलाड़ी केशव महाराज, जेसन स्मिथ और जॉर्ज लिंडे शामिल हैं। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने गुरुवार को पुष्टि की थी कि टीम को घर वापस भेजने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की जा रही है, क्योंकि खाड़ी क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों के कारण टीम चार दिन से ज्यादा समय से शहर में फंसी हुई है।
डैरेन सैमी ने जताई थी नाराजगी
क्रिकट वेस्टइंडीज ने अपने बयान में कहा कि उच्च स्तरीय बैठक में यह पुष्टि हुई कि टीम को भारत से रवाना करने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की जा रही है। इस घटनाक्रम से कुछ घंटे पहले वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी ने सोशल मीडिया पर देरी को लेकर नाराजगी जताते हुए लिखा था कि वह ''बस घर जाना चाहते हैं। बाद में उन्होंने लिखा कि अपडेट मिल गया है। वेस्टइंडीज को बस यही चाहिए था।