T20 World Cup में दर्शकों के लिए तरस रहा ईडन गार्डेंस, इटली-स्कॉटलैंड मैच में स्टेडियम पूरी तरह रहा खाली?
ईडन गार्डेंस स्टेडियम टी20 विश्व कप मैचों में दर्शकों की कमी से जूझ रहा है। स्कॉटलैंड-इटली और वेस्टइंडीज-स्कॉटलैंड जैसे मैचों में क्षमता से काफी कम दर ...और पढ़ें

स्टेडियम रहा खाली
HighLights
ईडन गार्डेंस में टी20 विश्व कप मैचों में कम दर्शक
स्कॉटलैंड-इटली मैच में मात्र 6,928 दर्शक पहुंचे
भारत के मैच न मिलने से कोलकाता के प्रशंसक निराश
विशाल श्रेष्ठ, जागरण, कोलकाता। हमेशा खचाखच भरा रहने वाला ईडन गार्डेंस स्टेडियम टी-20 विश्वकप में दर्शकों के लिए तरस रहा है। स्कॉटलैंड-इटली का मैच देखने मात्र 6,928 लोग स्टेडियम पहुंचे। वेस्टइंडीज-स्कॉटलैंड का मैच देखने भी महज 11,886 लोग आए थे। मालूम हो कि ईडन गार्डेंस की दर्शक क्षमता करीब 68,000 है।
बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) के एक अधिकारी ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर कहा, जब टिकट ही नहीं बिक पाए तो भीड़ कहां से उमड़ेगी? आगामी मैचों के टिकटों की भी कमोबेश यही स्थिति है। ईडन गार्डेंस को एक भी हाई-प्रोफाइल मैच नहीं मिलने से कोलकाता के क्रिकेट प्रेमियों में निराशा है।
कोलकाता को नहीं मिले बड़े मैच
मालूम हो कि ईडन गार्डेंस के हिस्से में वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, इटली व स्कॉटलैंड जैसी टीमों के मैच पड़े हैं जबकि 2016 में भारत में हुए पिछले टी-20 विश्वकप का फाइनल यहीं हुआ था। ईडन गार्डेंस को भारत-पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मैच की भी मेजबानी मिली थी। इस बार भारत का एक भी मैच ईडन गार्डेंस को नहीं मिला है, हालांकि विश्व कप के निर्णायक दौर के वेन्यू अभी तय नहीं हुए हैं। ईडन गार्डेंस को उनमें से मैच मिलने और भारत के अच्छा प्रदर्शन करने पर यहां खेलने की संभावना बन सकती है।
इटली ने पहली बार खेला टी20 वर्ल्ड कप में मैच
इटली ने पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में अपना मैच खेला है। उन्होंने क्वॉलीफायर मुकाबले में शानदार खेल दिखाते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी जगह बनाई थी। हालांकि, स्कॉटलैंड के खिलाफ खेले गए अपने पहले मैच में उन्हें 73 रनों से हार का सामना करना पड़ा।