T20 World Cup में डेब्यू पर कमाल नहीं कर सकी इटली की टीम, स्कॉटलैंड ने बिगाड़ा पूरा खेल
वेस्टइंडीज से हार के बाद स्कॉटलैंड ने टी20 विश्व कप में इटली को 73 रनों से हराया। जॉर्ज मुंसे (84) और माइकल लिस्क ( नाबाद 22 रन, 4 विकेट) के शानदार प् ...और पढ़ें

इटली की हार
HighLights
स्कॉटलैंड ने इटली को 73 रनों से करारी शिकस्त दी
जॉर्ज मुंसे ने 84 रन और माइकल लिस्क ने 4 विकेट लिए
स्कॉटलैंड ने टी20 विश्व कप में 207/4 का रिकॉर्ड बनाया
विशाल श्रेष्ठ, जागरण, कोलकाता। वेस्टइंडीज से हार के बाद स्कॉटलैंड ने शानदार वापसी कर इटली का क्रिकेट विश्वकप में पदार्पण बिगाड़ दिया। जॉर्ज मुंसे (84) की शानदार बल्लेबाजी व माइकल लिस्क के हरफनमौला प्रदर्शन (5 गेंदों पर अविजित 22 रन व 17 रन पर चार विकेट) की बदौलत स्कॉटलैंड ने सोमवार को ईडन गार्डेंस स्टेडियम में इटली को 73 रनों से करारी शिकस्त दी। स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 207 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो किसी एसोसिएट टीम द्वारा टी-20 विश्वकप में बनाया गया सर्वाधिक स्कोर है।
इसके जवाब में इटली 10 विकेट पर 134 रन ही बना पाई। क्षेत्ररक्षण के दौरान चोटिल हुए इटली के कप्तान वेन मैडसन बल्लेबाजी करने नहीं उतरे और रिटायर्ड आउट करार दिए गए। आगे के मैचों में उनका खेलना संदिग्ध है। 20वें ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे लिस्क ने दो छक्के व दो चौके लगाकर टीम स्कोर को 200 के पार पहुंचाया फिर गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए चार विकेट चटकाए।
जॉर्ज मुंसे की कमाल की पारी
इंग्लैंड के आक्सफोर्ड शहर में जन्मे 32 साल के जॉर्ज मुंसे ने 54 गेंदों पर 84 रन बनाए, जिसमें 13 चौके व दो छक्के शामिल रहे। इंग्लिश काउंटी क्रिकेट का लंबा अनुभव रखने वाले मुंसे ने वर्ल्ड कप क्वॉलीफायर मैच में भी इटली के विरुद्ध 72 रनों की शानदार पारी खेली थी। ब्रैंडन मैकमुलेन ने भी 18 गेंदों पर चार छक्कों के साथ 41 रन बनाए।
इटली के लिए बेन मनेंती ने सर्वाधिक 52 रन बनाए। मुंसे व माइकल जोंस (37) ने पहले विकेट के लिए 126 रन जोड़े, जो मौजूदा टी-20 विश्वकप में पहली शतकीय साझेदारी है। वहीं स्काटलैंड इस विश्वकप में 200 का आंकड़ा पार करने वाली पहली टीम भी बनी।