Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    IND vs IRE 1st T20I Preview: वैभव सूर्यवंशी को प्‍लेइंग 11 में फिट करना बड़ी चुनौती, टी20 में श्रेयस युग का आगाज

    Updated: Thu, 25 Jun 2026 07:18 PM (IST)

    श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत जब आयरलैंड के विरुद्ध शुक्रवार को शुरू होने वाली दो मैचों की सीरीज के पहले मैच से टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपन ...और पढ़ें

    2 टी20 मैच खेले जाएंगे।

    2 टी20 मैच खेले जाएंगे।

    HighLights

    1. भारत और आयरलैंड के बीच पहला टी-20 26 जून को 

    2. सैमसन, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा पर होंगी नजरें

    3. बेलफास्‍ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में होगा मुकाबला

    बेलफास्ट, पीटीआई। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत जब आयरलैंड के विरुद्ध शुक्रवार को शुरू होने वाली दो मैचों की सीरीज के पहले मैच से टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने नए युग की शुरुआत करेगा तो उसके लिए सबसे बड़ी चुनौती क्रिकेट जगत की नई सनसनी वैभव सूर्यवंशी को अंतिम एकादश में फिट करना होगा।

    15 वर्षीय सूर्यवंशी ने आइर्पीएल में शानदार प्रदर्शन किया था जिसके दम पर उन्होंने सीनियर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई। उन्होंने हाल में श्रीलंका-ए के विरुद्ध त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में 29 गेंद पर 94 रन की तूफानी पारी खेली थी जिससे उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

    आम क्रिकेट प्रेमी यही चाहता है कि सूर्यवंशी को इस मैच में मौका मिले लेकिन टीम प्रबंधन के लिए यह काम आसान नहीं होगा। भारत के शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाज संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन हैं। उनके टी-20 रिकॉर्ड को नजरअंदाज करना आसान नहीं है।

    न्यूजीलैंड के विरुद्ध मार्च में आइसीसी टी-20 विश्व कप के फाइनल में मिली जीत में सैमसन, अभिषेक और किशन ने अर्धशतक बनाए थे। इसके बाद भारत ने सबसे छोटे प्रारूप में कोई मैच नहीं खेला है।

    टीम प्रबंधन के लिए बड़ी चुनौती

    टीम प्रबंधन अगर सूर्यवंशी को प्रारंभिक बल्लेबाज के रूप में शामिल करता है तो फिर सैमसन या अभिषेक में से किसी एक को या तो बल्लेबाजी क्रम नीचे खेलना होगा या टीम से बाहर होना पड़ेगा। विश्व कप खिताब जीतने के बाद यह कठोर कदम होगा। टीम प्रबंधन सैमसन को मध्य क्रम में भेज सकता है, क्योंकि वह पहले भी चौथे और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी कर चुके हैं।

    खबरें और भी

    लेकिन अब उन स्थान पर कप्तान अय्यर और उप-कप्तान तिलक वर्मा खेलेंगे और ऐसे में छठे नंबर पर ही जगह ही खाली रह जाएगी। यह स्थान भी पारंपरिक रूप से ऑलराउंडर के लिए रखा जाता है तथा भारत के पास शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और सूर्यांश शेडगे के रूप में कई विकल्प मौजूद हैं।

    सैमसन को छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतारने से भारत को केवल पांच गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरना पड़ेगा। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और वरुण चक्रवर्ती की अनुपस्थिति में यह विभाग पहले से ही कमजोर नजर आता है।

    सैमसन का जमकर गरजा बल्ला

    सैमसन ने प्रारंभिक बल्लेबाज के रूप में 28 पारियों में 926 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 181.93 है। तीसरे, चौथे और पांचवें नंबर पर उनका स्ट्राइक रेट क्रमशः 121, 129 और 127 है।

    दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज अभिषेक ने प्रारंभिक बल्लेबाज के रूप में 43 पारियों में दो शतक और 10 अर्धशतकों की मदद से 1414 रन बनाए हैं। आईपीएल 2026 में अभिषेक (563), किशन (602) और सैमसन (477) का प्रदर्शन भी शानदार रहा। किशन ने हाल ही में लखनऊ में अफगानिस्तान के विरुद्ध दूसरे वनडे में 125 रन भी बनाए थे।

    क्षमता साबित करने का शानदार मौका

    गेंदबाजी में भारत के पास दूसरी पंक्ति के गेंदबाज हैं, लेकिन यह सीरीज और इंग्लैंड के विरुद्ध अगली सीरीज में उनके पास अपनी क्षमता साबित करने का शानदार मौका होगा। हर्षित राणा की चोट से वापसी ने भारत को तेज गेंदबाजी इकाई में अधिक विकल्प जोड़ दिए हैं, लेकिन उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा और प्रिंस यादव से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा। प्रसिद्ध और प्रिंस दोनों ही शानदार फॉर्म में हैं।

    आयरलैंड को इन दिग्ग्जों की कमी खलेगी

    आयरलैंड को जोश लिटिल, मार्क एडायर, पाल स्टर्लिंग और कर्टिस कैम्फर की कमी खलेगी जो चोटिल होने के कारण इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। उनके पास लोरकान टकर के रूप में नया कप्तान है। उनके अलावा उसे जार्ज डाकरेल, गैरेथ डेलानी, हैरी टेक्टर और भारतीय मूल के जय मूंदरा से अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद होगी।

    भारतीय टीम

    श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, इशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई।

    आयरलैंड टीम

    लोरकान टकर (कप्तान), रास एडायर, बेन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जार्ज डाकरेल, स्टीफन डोहनी, मैथ्यू हम्फ्रीज, गैविन होए, मैथ्यू हालार्ड, लियाम मैकार्थी, जय मूंदरा, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर, रूबेन विल्सन।

    यह भी पढ़ें- IND vs IRE 1st T20I Pitch and Weather: बेलफास्ट में रोहित शर्मा ने किया था डेब्यू, 19 साल बाद वहीं गदर मचाने उतरेगी टीम इंडिया

    यह भी पढ़ें- IND vs IRE 1st T20I: Vaibhav Suryavanshi की होगी एंट्री! भारत के टॉप ऑर्डर में मचने वाली है सबसे बड़ी उथल-पुथल