IND vs SL: श्रीलंका में भारतीय बल्लेबाजों की होगी 'अग्नि परीक्षा', प्रैक्टिस मैच से पहले गंभीर ने ली टीम की क्लास
भारतीय टीम श्रीलंका में आगामी टेस्ट सीरीज से पहले शुक्रवार से अभ्यास मैच खेलेगी। यह मुकाबला शुभमन गिल की टीम के लिए श्रीलंकाई स्पिन परिस्थितियों में अ ...और पढ़ें

भारतीय क्रिकेट टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, कोलंबो। न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध अपनी ही धरती पर स्पिन गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी खुलकर सामने आई थी। अब वही चुनौती श्रीलंका में और कठिन रूप में शुभमन गिल की टीम के सामने है। 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले भारतीय टीम शुक्रवार से नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब (एनसीसी) में श्रीलंका क्रिकेट एकादश के विरुद्ध तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी।
यह मुकाबला भारत के लिए केवल अभ्यास का अवसर नहीं, बल्कि श्रीलंकाई परिस्थितियों और स्पिन के विरुद्ध अपनी तैयारियों की पहली बड़ी परीक्षा होगा। श्रीलंका की टीम घरेलू परिस्थितियों में हमेशा से अपने स्पिनरों के कारण खतरनाक रही है। ऐसे में कप्तान शुभमन गिल, उपकप्तान केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल सहित भारतीय बल्लेबाजों का प्रयास अभ्यास मुकाबले में ज्यादा से ज्यादा समय क्रीज पर बिताने की होगी।
भारतीय टीम के अधिकांश खिलाड़ियों का पहला दौरा
इन तीनों ने कोलंबो रवाना होने से पहले अपने-अपने घरेलू अभ्यास केंद्रों पर स्पिन गेंदबाजी के विरुद्ध विशेष तैयारी की थी, लेकिन श्रीलंकाई पिच पर अभ्यास उसका विकल्प नहीं हो सकता। इस मुकाबले का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि मौजूदा भारतीय टीम के अधिकांश खिलाड़ियों के लिए श्रीलंका में यह पहला टेस्ट दौरा है। भारत ने पिछली बार 2017 में यहां टेस्ट सीरीज खेली थी। मौजूदा दल में सिर्फ केएल राहुल, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा को ही श्रीलंका में टेस्ट क्रिकेट खेलने का अनुभव है।
बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों की भी परीक्षा
जसप्रीत बुमराह के चोट के कारण बाहर होने से भारत की गेंदबाजी का नेतृत्व मोहम्मद सिराज करेंगे। उनके साथ प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मानव सुथार और सारांश जैन जैसे अपेक्षाकृत कम अनुभवी गेंदबाज मौजूद हैं। कुलदीप और सिराज को छोड़ दें तो गेंदबाजी आक्रमण के पास इस स्तर पर अनुभव की कमी साफ दिखाई देती है। हालांकि गुरनूर और सारांश के पास हाल की श्रीलंकाई परिस्थितियों का अनुभव है। दोनों ने पिछले महीने गाल में भारत ए की ओर से श्रीलंका ए के विरुद्ध अच्छा प्रदर्शन किया था। ऐसे में अभ्यास मैच उनके लिए टेस्ट सीरीज से पहले एक बार फिर स्थानीय परिस्थितियों में अपनी गेंदबाजी परखने का मौका होगा।
खबरें और भी
साई सुदर्शन पर निगाहें
भारतीय दल में साई सुदर्शन का नाम भी शामिल है, हालांकि वह चोट से उबरने की प्रक्रिया में हैं। ऐसे में उनकी उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर रहेगी। भारत के लिए यह अभ्यास मुकाबला बल्लेबाजी क्रम और गेंदबाजी संयोजन को अंतिम रूप देने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण होगा।
मजबूत टीम उतारेगा श्रीलंका
भारत के लिए अभ्यास मुकाबला आसान नहीं रहने वाला क्योंकि श्रीलंका क्रिकेट ने मजबूत एकादश चुनी है। टीम की कप्तानी तीन टेस्ट खेल चुके सोनल दिनुषा करेंगे। इसमें विश्व फर्नांडो और लाहिरू कुमारा जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज शामिल हैं। स्पिन विभाग में रमेश मेंडिस और इसिथा विजेसुंदरा भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा लेंगे। विशेष रूप से रमेश मेंडिस की मौजूदगी भारतीय बल्लेबाजों के लिए उपयोगी अभ्यास साबित हो सकती है क्योंकि गॉल में पहले टेस्ट के दौरान भी भारत को स्पिन के अनुकूल परिस्थितियां मिलने की संभावना है।
मौसम फेर सकता है पानी
हालांकि भारतीय टीम की योजनाओं पर मौसम पानी फेर सकता है। शुक्रवार से कोलंबो में रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान है। अगर बारिश लंबे समय तक जारी रहती है तो तीन दिवसीय मुकाबले में खिलाड़ियों को पर्याप्त अभ्यास नहीं मिल पाएगा।
भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और आकिब नबी।
श्रीलंका क्रिकेट एकादश
निशान मदुष्का, रविंदु रशांथा, पसिंदु सूरियाबंदारा, पवन रत्नायके, अहान विक्रमसिंघे, सोनल दिनुषा (कप्तान), अंजला बंडारा, निपुण धनंजय, लाहिरू कुमारा, विश्व फर्नांडो, असंका मनोज, इसिथा विजेसुंदरा, रमेश मेंडिस, केसरा नुवंथा और दिलुम सुदीरा।
हमारे पास हर सवाल का जवाब होना चाहिए: गंभीर
मुख्य कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों को स्पष्ट कर दिया है कि टेस्ट सीरीज शुरू होने तक तैयारी में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। बीसीसीआई की ओर से जारी वीडियो में गंभीर ने खिलाड़ियों से कहा कि टीम जानती है कि उसके सामने क्या चुनौती है और अगले कुछ दिनों में ज्यादा से ज्यादा अभ्यास कर अपनी सीमाओं को परखना होगा।
गंभीर ने कहा कि हम जानते हैं कि हमारे सामने क्या है। हम ज्यादा अभ्यास कर सकते हैं, अपनी सीमाओं को आगे बढ़ा सकते हैं और तैयारी के हर पहलू को पूरा कर सकते हैं। 15 अगस्त की सुबह चाहे हम पहले बल्लेबाजी करें या गेंदबाजी, हमारे पास सामने आने वाले हर सवाल का जवाब होना चाहिए। भारत बनाम श्रीलंका क्रिकेट एकादश सुबह 10 बजे से खेला जाएगा और इसका प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा।