मानव सुथार ने दो टेस्ट मैच खेलकर ही मचाया गदर, श्री गंगानगर की रेत से निकले 'हीरे' की कहानी
युवा ऑलराउंडर मानव सुथार ने श्री गंगानगर से निकलकर भारतीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 4 विकेट लिए और अफगानिस्तान के खिलाफ डेब्यू टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

मानव सुथार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। राजस्थान का श्री गंगानगर, जहां सिर्फ रेत के टीले होते हैं और जीवन जीना ही सबसे कठिन है, वहां से भारतीय क्रिकेट को एक नया हीरा मिला। जहां पर लोग जीवन जीने के लिए संघर्ष करते हैं, वहां की रेत से एक ऐसा पौधा निकला, जो आगे चलकर भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ा पेड़ बन सकता है। हम यहां पर बात कर रहे हैं टीम इंडिया के युवा ऑलराउंडर मानव सुथार की।
मानव ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में 4 विकेट हासिल किए। भारतीय टीम के लिए यहां तक का सफर उनके लिए आसान नहीं रहा है। श्री गंगानकर के रेतीले रास्तों से होते हुए, पहले रणजी और फिर भारतीय टीम तक का सफर इस खिलाड़ी ने तय किया है। मानव को आर्थिक तंगी थी, लेकिन उनमें गेंद को घुमाने का हुनर था। अपने उसी हुनर पर भरोसा कर उन्होंने टीम इंडिया में जगह बनाई।
श्री गंगानगर में जन्मे मानव सुथार
मानव सुथार का जन्म 3 अगस्त 2002 को राजस्थान के श्री गंगानगर में हुआ था। उनका परिवार आर्थिक रूप में संपन्न नहीं था। उनके पिता एक स्कूल में पीटी टीचर थे। जगदीश सुथार ने मानव को समझा दिया था कि वे जो भी करना चाहते हैं, उसमें उनका पूरा साथ देंगे। मानव का पिता की इन बातों ने खूब आत्मविश्वास बढ़ाया। उन्होंने पहले एज ग्रुप क्रिकेट में राजस्थान के लिए खेला और फिर रणजी ट्रॉफी में अपनी जगह बना ली।
राजस्थान के लिए चमके सुथार
मानव ने साल 2022 में राजस्थान के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया। यहीं से उनके बारे में चर्चाएं शुरू हो गई। उन्होंने गेंद से डेब्यू सीजन में ही तहलका मचा दिया। सुथार ने 6 मैच खेले और 39 विकेट चटकाए। वे उस सीजन राजस्थान के लिए सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। इसके बाद उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय टीम के चयनकर्ताओं को मजबूर किया कि उन्हें भारतीय टीम में चुनें।
मानव सुथार का ड्रीम डेब्यू
मानव को अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में डेब्यू करने का मौका मिला। पदार्पण पर ही इस खिलाड़ी ने साबित किया कि वे भारतीय क्रिकेट में बड़ी कहानी लिख सकते हैं। पहली पारी में 6 विकेट हासिल कर लिए। उन्होंने मैच में कुल 7 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
श्रीलंका के खिलाफ कमाल की गेंदबाजी
सुथार को श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग-11 में भी शामिल किया गया। उन्होंने इस बार भी अपना चयन सही साबित किया और 4 श्रीलंकाई बल्लेबाजों को मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। उन्होंने अब तक अपने करियर में 32 फर्स्ट क्लास मैचों में 147 विकेट अपने नाम किए हैं। इसके अलावा बल्ले से भी 1071 रन बनाए हैं।
