पाकिस्तान की बड़ी जीत! अपील के बाद ICC ने वापस लिया फैसला, लाहौर के स्टेडियम को दी क्लीन चिट
आईसीसी ने पाकिस्तान के लाहौर स्थित गद्दाफी स्टेडियम से डिमेरिट प्वाइंट वापस ले लिया है। पीसीबी की अपील पर समीक्षा के बाद आईसीसी ने लाहौर की पिच को क्लीन चिट दी।

गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पाकिस्तान को बड़ी राहत दी है। आईसीसी ने पाकिस्तान के लाहौर स्थित गद्दाफी स्टेडियम को दी गई डिमेरिट प्वाइंट को वापस ले लिया है। दरअसल, इसी साल जून में पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज खेली गई थी, जिसका एक मुकाबला इस मैदान में भी हुआ था। गद्दाफी स्टेडियम की पिच को लेकर सवाल उठे थे।
मैच रेफरी ने पिच को असंतोषजनक बताया था। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपील की थी और आईसीसी ने उन्हें बड़ी राहत दी है। इसी के साथ स्टेडियम के साथ, जो एक डिमेरिट प्वाइंट जुड़ा था, वो भी हट गया है। आईसीसी ने ये फैसला पिच की तस्वीरों और वीडियो देखने के बाद लिया है।
पाकिस्तान को ICC से मिली बड़ी राहत
ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला 4 जून को गद्दाफी स्टेडियम में खेला गया था। मैच में बल्लेबाजों के लिए बैटिंग करना कठिन था और गेंदबाजों को पिच से बहुत मदद मिल रही थी। ऑस्ट्रेलियाई टीम 157 रनों पर सिमट गई थी, जिसके बाद पिच को असंतोषजनक घोषित कर दिया गया था। इसके साथ ही स्टेडियम को एक डिमेरिट प्वाइंट भी मिला था। इसके बाद पीसीबी ने आईसीसी में अपील किया था।
आईसीसी ने पिच की तस्वीरें देखी और पिच को सही बताया। क्रिकेट की शीर्ष संस्था का कहना है कि तस्वीरों में ऐसा कुछ नहीं दिखा, जिससे पिच को असंतोषजनक माना जाए। पिच इतनी खराब नहीं हुई थी कि बल्लेबाजों के लिए खतरा बन जाए।
ऑस्ट्रेलिया-पाकिस्तान मैच लो-स्कोरिंग रहा था
आखिरी मैच लो-स्कोरिंग मुकाबला रहा था, जहां कंगारू टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 157 रनों पर सिमट गई थी। ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान जोश इंग्लिस ने सबसे बड़ा स्कोर बनाया था, जिन्होंने 71 गेंदों पर 65 रनों की पारी खेली थी। कंगारू टीम के 6 बल्लेबाज ऐसे थे, जो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके थे। पाकिस्तान ने 158 रनों के लक्ष्य को 41.5 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया था। उनके लिए बाबर आजम सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे थे, जिन्होंने 84 गेंदों पर 40 रनों की पारी खेली थी।
