IPL 2026: MS Dhoni खेलेंगे सभी मुकाबले? 19वें सीजन से पहले थाला के खेलने पर आया बड़ा अपडेट
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में महेंद्र सिंह धोनी खेलते नजर आएंगे या नहीं इस पर बड़ा अपडेट सामने आया है। ...और पढ़ें
-1771771801200_m.webp)
चेन्नई के कप्तान रहे हैं धोनी
HighLights
मार्च के अंत में शुरू हो सकती है लीग
चेन्नई में इस बार 3 विकेटकीपर हैं
संजू सैमसन ले सकते धोनी की जगह
अहमदाबाद, पीटीआई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन की तैयारियों के बीच एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर चर्चा तेज हो गई है कि क्या दिग्गज पूर्व कप्तान इस साल चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सभी मैचों में खेलते नजर आएंगे? फ्रेंचाइजी के एक शीर्ष सूत्र ने इसकी पुष्टि की कि 45 वर्ष के होने जा रहे धोनी आगामी आईपीएल सत्र के लिए चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ उपलब्ध रहेंगे।
हालांकि, टीम में इस बार बड़ी रकम के साथ ट्रेडिंग के जरिए संजू सैमसन के शामिल होने के बाद यह संभावना कम मानी जा रही है कि पूर्व भारतीय कप्तान लीग चरण के सभी मुकाबलों में खेलेंगे। सीएसके के एक वरिष्ठ सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर बताया कि हम यह पुष्टि कर सकते हैं कि वह चेन्नई आ रहे हैं और उन्होंने सत्र के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि कर दी है।
सूत्र ने कहा कि वह सभी मैच खेलेंगे या नहीं, यह हम फिलहाल नहीं कह सकते। इम्पैक्ट प्लेयर नियम लागू होने के बाद पिछले दो सत्रों में बल्लेबाज के तौर पर धोनी की भूमिका सीमित रही है। उन्हें अक्सर निचले क्रम में परिस्थिति के अनुसार छोटी लेकिन प्रभावी पारियां खेलने के लिए इस्तेमाल किया गया है। इस सत्र में सीएसके के पास तीन विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं।
जिन मुकाबलों में धोनी नहीं खेलेंगे, उनमें सैमसन के विकेट के पीछे मोर्चा संभालने की संभावना है। टीम में उर्विल पटेल भी शामिल हैं, जबकि 14.20 करोड़ रुपये में शामिल किए गए युवा कार्तिक शर्मा को शिवम दुबे के साथ फिनिशर की भूमिका के लिए तैयार किया जा रहा है। धोनी पिछले कुछ वर्षों से घुटने और पीठ की समस्या से जूझते रहे हैं।
खबरें और भी
आईपीएल में मैचों के बीच कम अंतराल और विकेटकीपिंग की शारीरिक मांग उनके करियर के इस चरण में अतिरिक्त दबाव डाल सकती है। इतना लगभग तय माना जा रहा है कि धोनी चेन्नई में खेले जाने वाले सीएसके के अधिकांश घरेलू मैचों में मैदान पर उतरेंगे। चेपॉक स्टेडियम में उनके मैदान पर कदम रखते ही पीले रंग से सजी दर्शक दीर्घाएं उत्साह से गूंज उठती हैं। यह फ्रेंचाइजी और उसके प्रशंसकों के साथ उनके अटूट रिश्ते को दर्शाती है।