T20 World Cup 2026 का बहिष्कार नहीं करेगा पाकिस्तान, दो फरवरी को कोलंबो रवाना होगी टीम
बांग्लादेश को टी-20 विश्व कप से बाहर करने और उसकी जगह स्काटलैंड को शामिल करने के बाद से ही पीसीबी लगातार टूर्नामेंट में नहीं खेलने की बात कर रहा था। प ...और पढ़ें
-1769694333833_m.webp)
15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान की जंग।
HighLights
शुक्रवार को पीसीबी कर सकता औपचारिक घोषणा
बहिष्कार की अटकलों पर लगा जाएगा विराम
पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा
लाहौर, पीटीआई: पाकिस्तानी क्रिकेट टीम अगले महीने से होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए दो फरवरी को कोलंबो के लिए रवाना होगी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने टीम के रवाना होने का कार्यक्रम तय कर दिया है, जिसके बाद उसके टूर्नामेंट के बहिष्कार की अटकलों पर विराम लग गया है।
बांग्लादेश को टी-20 विश्व कप से बाहर करने और उसकी जगह स्काटलैंड को शामिल करने के बाद से ही पीसीबी लगातार टूर्नामेंट में नहीं खेलने की बात कर रहा था। पाकिस्तान को अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलने हैं, जिसमें 15 फरवरी को उसे भारत के विरुद्ध खेलना है।
पाकिस्तान ने पूरी की तैयारियां
पीसीबी सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि बोर्ड ने टी-20 विश्व कप टीम को रवाना करने के लिए पहले ही यात्रा की सभी तैयारियां कर ली हैं और अगले सप्ताह टीम कोलंबो के लिए रवाना होगी। सूत्रों के अनुसार, पीसीबी ने भारत में खेलने को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की 'सुरक्षा चिंताओं' पर पूरा समर्थन जताया है, लेकिन आईसीसी में अपनी स्थिति को नुकसान पहुंचाए बिना वह इससे आगे कुछ नहीं कर सकता।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई), पीसीबी और आइसीसी के बीच एक त्रिपक्षीय समझौता भी है, जिसके तहत 2027 तक आईसीसी टूर्नामेंटों में भारत-पाकिस्तान के सभी मुकाबले तटस्थ स्थल पर खेले जाएंगे।
श्रीलंका में खेलने हैं मुकाबले
सूत्रों ने कहा, इसमें ध्यान रखने वाली बात यह है कि पाकिस्तान का पूरा विश्व कप कार्यक्रम श्रीलंका में है, यहां तक कि अगर टीम फाइनल में पहुंचती है तो फाइनल भी वहीं खेला जाएगा। ऐसे में वे टूर्नामेंट या भारत के विरुद्ध मैच का बहिष्कार किस आधार पर करेंगे?
उम्मीद है कि पीसीबी शुक्रवार को अपनी भागीदारी की औपचारिक पुष्टि कर देगा। मीडिया के कुछ हिस्सों में अटकलें लगाई जा रही थीं कि पाकिस्तान टूर्नामेंट से हट सकता है या भारत के विरुद्ध खेलने से इन्कार कर सकता है। बोर्ड के करीबी सूत्र ने इन खबरों को महज अफवाह बताया।
न्यूट्रल वेन्यू पर होंगे मुकाबले
सूत्र ने कहा, जब पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की, तो उन्होंने साफ किया कि सभी फैसले पाकिस्तान क्रिकेट के स्थिर और मजबूत भविष्य को ध्यान में रखकर लिए जाएंगे और आईसीसी व अन्य सदस्य बोर्डों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन अटकलों में कोई तर्क नहीं है और यह भी नहीं बताया गया कि पीसीबी किस आधार पर विश्व कप छोड़ सकता है या भारत के विरुद्ध मैच का बहिष्कार कर सकता है।
भारत सरकार ने अपनी टीम को पाकिस्तान में खेलने की अनुमति नहीं दी है, लेकिन एशिया कप स्तर के टूर्नामेंटों या आईसीसी आयोजनों में तटस्थ स्थल पर भारत-पाकिस्तान मैच खेलने पर कोई रोक नहीं है। जब पाकिस्तान सरकार खुद कहती रही है कि खेल को राजनीति से अलग रखना चाहिए, तो फिर भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार कैसे जायज ठहराया जाएगा?