अफगानिस्तान सीरीज से पहले खिलाड़ियों का 'कड़ा इम्तिहान', अय्यर-सैमसन ने दिया फिटनेस टेस्ट; सिराज और कृष्णा को मिली छूट
श्रीलंका के विरुद्ध दो टेस्ट मैच की सीरीज खत्म होने के 48 घंटे के भीतर भारतीय टीम के शीर्ष केंद्रीय ...और पढ़ें

फिटनेस परीक्षण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, नई दिल्ली। श्रीलंका के विरुद्ध दो टेस्ट मैच की सीरीज खत्म होने के 48 घंटे के भीतर भारतीय टीम के शीर्ष केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ी शनिवार को बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में नए घरेलू सत्र से पहले फिटनेस परीक्षण के लिए पहुंचे।
लगातार तीन दिन मैदान पर कड़ी मेहनत करने के बाद भी टेस्ट टीम के कई नियमित खिलाड़ियों ने आगामी आठ महीने के व्यस्त सत्र को ध्यान में रखते हुए फिटनेस मानकों की जांच में हिस्सा लिया। यह सत्र 2027 इंडियन प्रीमियर लीग तक चलेगा।
अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत, बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के अलावा टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर, रिंकू सिंह, संजू सैमसन और चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ सहित कई खिलाड़ी फिटनेस जांच में पसीना बहाते नजर आए।
The pre season testing for the contracted players was conducted at the BCCI Centre of Excellence 👌
— BCCI (@BCCI) August 29, 2026
The players who had to undergo the mandated fitness arrived in batches and completed their respective tests ahead of a busy season 💪 pic.twitter.com/64LsSByytP
अनिवार्य फिटनेस जांच में ब्रोंको टेस्ट, दो किलोमीटर दौड़, यो-यो टेस्ट और क्रिकेट से जुड़ी ड्रिल्स जैसे विकेटों के बीच दौड़ना शामिल हैं। ब्रोंको टेस्ट में शुरुआती बिंदु (0 मीटर), 20 मीटर, 40 मीटर और 60 मीटर पर कोन लगाए जाते हैं।
खिलाड़ियों को बिना रुके पांच सेट में 0 से 20 मीटर और वापस, फिर 40 मीटर और 60 मीटर तक दौड़ पूरी करनी होती है। इसमें कुल 1200 मीटर की दूरी पांच मिनट 30 सेकेंड में पूरी करनी होती है। यो-यो टेस्ट का मानक लंबे समय से 16.5 है जबकि दो किलोमीटर दौड़ (2000 मीटर) को 10 मिनट के भीतर पूरा करना होता है।
हालांकि जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और नीतिश कुमार रेड्डी पूरी तरह फिट घोषित होने के बाद ही इन फिटनेस परीक्षणों में हिस्सा लेंगे। ये खिलाड़ी फिलहाल चोट से उबरने के लिए ‘रिहैब’ प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को फिलहाल इस जांच से छूट दी गई है, क्योंकि उन्होंने श्रीलंका के विरुद्ध लगातार दो टेस्ट मैच में काफी गेंदबाजी की थी।
इस बीच, इंग्लैंड दौरे के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव की परेशानी से जूझने वाले प्रिंस यादव अब फिट हो गए हैं और चयन के लिए उपलब्ध हैं। बीसीसीआई का घरेलू सत्र इंडिया क्रिकेट हर साल सितंबर में शुरू होता है। इस बार इसकी शुरुआत नई दिल्ली में अफगानिस्तान के विरुद्ध तीन मैच की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से होगी। इसके बाद टी-20 टीम एशियाई खेलों के लिए जापान जाएगी जबकि उसी समय सीमित ओवरों के विशेषज्ञों की एक अन्य टीम वेस्टइंडीज के विरुद्ध घरेलू सीरीज खेलेगी।
