IPL का नया 'जागीरदार' रजत पाटीदार, लगातार दो ट्रॉफी जीतकर बना ली धोनी-रोहित की लिस्ट में जगह
रजत पाटीदार ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दो आईपीएल ट्रॉफी जिताकर इतिहास रच दिया है, जिससे वह धोनी और रोहित जैसे कप्तानों की लीग में शामिल हो गए हैं।

रजत पाटीदार
HighLights
आरसीबी को लगातार दो आईपीएल ट्रॉफी जिताई
अनसोल्ड से सफल कप्तान बनने का प्रेरणादायक सफर
जीत भगदड़ में मारे गए प्रशंसकों को समर्पित की
नितिन नागर, जागरण नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स और रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए पांच-पांच आईपीएल ट्रॉफी जीतीं। गौतम गंभीर ने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए यह कारनामा दो बार किया। विराट कोहली, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले और फाफ डु प्लेसिस जैसे दिग्गजों के कप्तानी करने के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) 17 साल तक इस चमचमाती ट्रॉफी के लिए तरसती रही।
हालांकि, 20 वर्षीय रजत पाटीदार ने लगातार दो साल में दो ट्रॉफी दिलाकर यह दिखा दिया कि यह आईपीएल ट्रॉफी सिर्फ कुछ टीमों की जागीर नहीं है। अब वह इस ट्रॉफी के नए जागीरदार हैं।
अनसोल्ड रहे थे पाटीदार
मध्यप्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले रजत की कहानी भारतीय क्रिकेट की सबसे प्रेरणादायक कहानियों में से एक है। 2022 की आईपीएल नीलामी में वह अनसोल्ड रहे थे। किसी भी टीम ने उन्हें खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। ऐसा लग रहा था कि आईपीएल में उनका सफर यहीं खत्म हो जाएगा, लेकिन भाग्य ने उनके लिए कुछ और ही तय कर रखा था। उसी साल आरसीबी ने उन्हें चोटिल लवनीत सिसोदिया के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया और यहीं से उनकी जिंदगी बदल गई।
उस सीजन में एलिमिनेटर मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के विरुद्ध खेली गई 54 गेंद में 112 रन की शतकीय पारी ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। लगातार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने टीम में अपनी जगह पक्की की और आरसीबी प्रबंधन का भरोसा जीत लिया।
RCB ने रजत पाटीदार पर दिखाया भरोसा
2025 में जब आरसीबी ने फाफ डु प्लेसिस को हटाकर कप्तानी में बदलाव का फैसला किया तो सबको उम्मीद थी कि टीम विराट कोहली को फिर से कप्तानी का दायित्व सौंपेगी लेकिन फ्रेंचाइजी ने रजत पाटीदार पर दांव लगाया। यह फैसला कई लोगों को चौंकाने वाला लगा, लेकिन पाटीदार ने साबित कर दिया कि नेतृत्व नाम से नहीं, प्रदर्शन और सोच से होता है। आज वही आरसीबी को दो ट्रॉफियां जिताने वाला कप्तान बन गया है।
पाटीदार ने बीते सत्र में 192.69 के स्ट्राइक रेट से 501 रन बनाए। उनकी कप्तानी में आरसीबी ने न सिर्फ खिताब का सूखा खत्म किया बल्कि लगातार दो ट्रॉफियां जीतकर इतिहास भी रच दिया। शांत स्वभाव, दबाव में संयम और खिलाड़ियों पर भरोसा रखने की उनकी क्षमता ने उन्हें एक सफल कप्तान बना दिया। मैदान पर वह कभी भावनाओं में बहते नजर नहीं आते, लेकिन उनके फैसलों में आत्मविश्वास साफ दिखाई देता है।
घरेलू क्रिकेट में भी कप्तानी का जलवा
रजत की कप्तानी की कला केवल आईपीएल तक सीमित नहीं है। घरेलू क्रिकेट में भी वह मध्य प्रदेश के कप्तान हैं। उनकी अगुवाई में मध्य प्रदेश की टीम ने 2024 के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी फाइनल तक का सफर तय किया और उपविजेता रही। इससे साफ है कि उनकी नेतृत्व क्षमता किसी एक टूर्नामेंट तक सीमित नहीं है। अनसोल्ड रहने का दर्द, खुद को साबित करने का संघर्ष और फिर देश की सबसे लोकप्रिय फ्रेंचाइजी का सफल कप्तान बनने का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।
रजत ने साबित कर दिया कि अवसर मिलने पर संघर्ष करने वाले खिलाड़ी इतिहास लिख सकते हैं। उनकी कहानी सिर्फ एक कप्तान की सफलता नहीं, बल्कि धैर्य, विश्वास और मेहनत की जीत की कहानी है।
पाटीदार ने भगदड़ में मारे गए प्रशंसकों को समर्पित की जीत
पाटीदार ने दूसरी खिताबी जीत को पिछले साल आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान भगदड़ में मारे गए 11 प्रशंसकों को समर्पित किया। उन्होंने कहा, मैं हमेशा ये ट्रॉफी उन्हें समर्पित करना चाहूंगा। मेरे पास भावनाएं बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं।
विजय जुलूस नहीं निकालेगी आरसीबी बेंगलुरु
पिछले साल की भगदड़ और 11 लोगों की मौत को ध्यान में रखते हुए आरसीबी ने आईपीएल में लगातार दूसरी खिताबी जीत के लिए विजय जुलूस नहीं निकालने का फैसला किया है। आरसीबी ने यह निर्णय कर्नाटक के नवनियुक्त मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण समारोह को ध्यान में रखते हुए भी लिया जो लोक भवन में आयोजित किया जाएगा।
आरसीबी के एक सूत्र ने बताया, बेंगलुरु में किसी भी प्रकार का जश्न मनाने की संभावना बहुत कम है। कुछ दिशानिर्देश निर्धारित हैं और हमें उनका पालन करना होगा। बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त सीमंत कुमार सिंह ने कहा कि हम किसी भी प्रकार के सार्वजनिक समारोह की अनुमति नहीं देंगे। यदि कोई जश्न मनाना चाहता है तो वह घर के अंदर मना सकता है।
पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी का प्रदर्शन
मैच- 32 जीते-22, हारे-10 दो बार फाइनल में पहुंचे, दोनों बार विजेता। 2025 में अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रही टीम 2026 में अंक तालिका में पहले स्थान पर रही आरसीबी।
यह भी पढ़ें- टेस्ट क्रिकेट में रेड बॉल के साथ इस्तेमाल की जा सकेगी गुलाबी गेंद, ICC ने लिया बड़ा फैसला
यह भी पढ़ें- 'मैं टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहता हूं', सचिन तेंदुलकर की इच्छा पूरी करने को तैयार वैभव सूर्यवंशी; बताया अपना पूरा प्लान
