Sachin Tendulkar के साथ किया डेब्यू, डिप्रेशन से उबरने में जुटे सलील अंकोला; क्रिकेट में दोबारा काम करने की जताई चाहत
भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज सलील अंकोला डिप्रेशन से उबरने में जुटे हुए हैं और उन्होंने दोबारा क्रिकेट में काम करने की इच्छा जताई है। सलील अंकोला ...और पढ़ें

सलील अंकोला और सचिन तेंदुलकर
HighLights
सलील अंकोला डिप्रेशन से उबरने में जुटे
सलील अंकोला ने क्रिकेट में काम करने की इच्छा जताई
सलील अंकोला ने सचिन तेंदुलकर के साथ किया था डेब्यू
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज सलील अंकोला डिप्रेशन से उबरने में जुटे हैं, जिसका उपचार वो पिछले डेढ़ महीने से पूणे के रिहैब सेंटर में करा रहे हैं। पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता ने क्रिकेट में दोबारा काम करने की इच्छा जताई।
सलील अंकोला ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा, 'मैं दोबारा काम शुरू करना चाहता हूं। मैं किसी भी क्रिकेट गतिविधि जैसे कि कोचिंग या खेल से संबंधित कोई काम करने के लिए तैयार हूं। मैं बाहर जा रहा हूं। मैंने कुछ बैठके कीं। मैंने पुणे के ट्रिनिटी एकेडमी में थोड़ा कोचिंग का काम भी शुरू किया।'
अंकोला ने आगे बताया, 'मैं 10-15 दिन पहले रिहैब सेंटर से छुट्टी पा चुका हूं। मैं अपनी पत्नी रिया के साथ रह रहा हूं। खेल में लौटकर खुश हूं। मुझे अच्छा महसूस हो रहा है। मैंने करीब 10 किग्रा वजन घटाया और जिम में काफी मेहनत की। मैं अब बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं।'
मुश्किल दौर के बारे में अंकोला ने क्या कहा
अपने मुश्किल समय के बारे में बातचीत करते हुए सलील अंकोला ने कहा, 'गंभीर डिप्रेशन के समय रिहैब सेंटर जाना मेरे सबसे बेहतर फैसलों में से एक रहा। मुझे अपने लिए समय की जरुरत थी। सबसे महत्वपूर्ण बात कि मुझे अच्छा महसूस हो रहा था। मैंने अपनी पत्नी के बारे में बातचीत की, जिन्होंने मुझे इसकी अनुमति दी।'
खबरें और भी
पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने आईपीएल कमेंट्री के बीच रिहैब सेंटर जाने का बड़ा फैसला लिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के उपचार के लिए आपको सबकुछ छोड़ना पड़ता है।
सलील जल्द घर लौटेंगे
सलील की पत्नी रिया ने कहा, 'सलील की बेहतर प्रगति हो रही है। मैं पुणे में उनसे मिली। डॉक्टर्स उनकी प्रगति से बहुत खुश हैं। वो जल्द ही काम करने के लिए फिट हो जाएंगे। डॉक्टर्स ने कहा कि जल्द ही सलील को छुट्टी मिल जाएगी और वो घर लौट आएंगे। मैं उनके सभी दोस्तों और शुभचिंतकों को धन्यवाद देती हूं, जिन्होंने समर्थन दिया और हमारी मदद की।'
अंकोला का करियर
बता दें कि सलील अंकोला ने सचिन तेंदुलकर के साथ 1989 में कराची में पाकिस्तान के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने एक टेस्ट खेला, जिसमें दो विकेट चटकाए। इसके अलावा सलील ने 20 वनडे में देश का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें 13 विकेट झटके।
सलील अंकोला ने घरेलू क्रिकेट में मुंबई का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 54 प्रथम श्रेणी मैचों में 181 विकेट चटकाए। 7 जनवरी 2023 को अंकोला को राष्ट्रीय चयनकर्ता नियुक्त किया गया और अगस्त 2024 तक वो इस पद पर कार्यरत रहे। इसके अलावा 58 साल के सलील अंकोला 2021-23 के बीच मुंबई के प्रमुख चयनकर्ता बने।