Sher E Punjab T20 Auction: सनवीर सिंह को फाजिल्का फाल्कन्स ने 13.20 लाख में खरीदा, नमन धीर पर भी लगी बड़ी बोली
शेर ए पंजाब टी20 लीग के सीजन के लिए रविवार को आयोजित नीलामी के पहले चरण में ऑलराउंडर सनवीर सिंह सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। ...और पढ़ें

शेर ए पंजाब टी20 लीग ऑक्शन

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। शेर ए पंजाब टी20 लीग के सीजन के लिए रविवार को आयोजित नीलामी के पहले चरण में ऑलराउंडर सनवीर सिंह सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। फाजिल्का फाल्कन्स ने उन्हें 13.20 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। सनवीर सिंह अब भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और टीम के मार्की खिलाड़ी शुभमन गिल के साथ फाजिल्का फाल्कन्स का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हमने बहुत मेहनत की है
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के अध्यक्ष अमरजीत सिंह मेहता ने कहा, "हमने पंजाब के मुख्यमंत्री के साथ मिलकर इस सपने को साकार करने के लिए बहुत मेहनत की है और अब यह सपना पूरा होने के करीब है। हर क्रिकेटर का सपना होता है कि वह मोहाली के पीसीए स्टेडियम में खेले। इस लीग के माध्यम से पंजाब के अलग-अलग हिस्सों के खिलाड़ियों को इस प्रतिष्ठित मैदान पर खेलने, महत्वपूर्ण अनुभव हासिल करने और बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।"
प्लेयर और फ्रेंचाइजी
- नीलामी में अन्य प्रमुख खिलाड़ियों में नमन धीर को अमृतसर सूर्माज ने 10.80 लाख में खरीदा।
- अमोलप्रीत सिंह 8.20 लाख में मोहाली किंग्स से जुड़े।
- हरनूर सिंह और अश्वनी कुमार को बठिंडा रॉयल्स ने 7-7 लाख में अपने साथ जोड़ा।
- वहीं सुखदीप बाजवा को जालंधर वॉरियर्स ने 6 लाख में खरीदा।
- हरप्रीत बराड़ को मोहाली किंग्स ने 4 लाख में अपनी टीम में शामिल किया।
- मयंक मार्कंडे 1.50 लाख में अमृतसर सूर्माज से जुड़े।
मजबूत मंच मिलेगा
पीसीए के सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा, "नीलामी के पहले चरण ने पंजाब में क्रिकेट प्रतिभाओं की जबरदस्त गहराई को दर्शाया है। फ्रेंचाइजी ने उन खिलाड़ियों की पहचान करने और उनमें निवेश करने को लेकर काफी उत्साह दिखाया है, जिनमें उच्चतम स्तर पर अपनी पहचान बनाने की क्षमता है।"
उन्होंने कहा, "सनवीर सिंह का सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में चुना जाना उत्साहजनक है। शुभमन गिल के साथ खेलने का अवसर उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण और मूल्यवान अनुभव साबित होगा। हमें विश्वास है कि शेर ए पंजाब टी20 लीग इन खिलाड़ियों को सीखने, प्रतिस्पर्धा करने और अपने करियर में अगला कदम बढ़ाने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करेगी।"
खबरें और भी
6 टीमें लेंगी हिस्सा
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) द्वारा आयोजित शेर-ए-पंजाब टी20 लीग राज्य स्तरीय प्रमुख टी20 टूर्नामेंट है। इसका उद्देश्य पंजाब के उभरते क्रिकेटरों को स्थापित खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करना है। लीग में पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली फाजिल्का फाल्कन्स, अमृतसर सूर्माज, लुधियाना लायंस, जालंधर वॉरियर्स, मोहाली किंग्स और बठिंडा रॉयल्स जैसी छह टीमें हिस्सा ले रही हैं।
शुभमन गिल मार्की प्लेयर
आगामी सीजन में पंजाब के कई प्रमुख क्रिकेटर मार्की खिलाड़ी के रूप में नजर आएंगे। इनमें शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह, रामदीप सिंह और गुरनूर बराड़ शामिल हैं। सभी मार्की खिलाड़ियों को 10 लाख में टीमों ने अपने साथ जोड़ा है। शेर ए पंजाब टी20 लीग का उद्देश्य पंजाब के क्रिकेट इकोसिस्टम को और मजबूत करना, युवा प्रतिभाओं को निखारना और भविष्य के सितारों को क्रिकेट के उच्चतम स्तर तक पहुंचने के लिए एक प्रभावी मंच और मार्ग उपलब्ध कराना है।