वेस्टइंडीज वनडे सीरीज में कुछ मुकाबले मिस कर सकते हैं टीम इंडिया के दिग्गज, कोच गौतम गंभीर ने बताई अंदर की बात
भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर ने कहा है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जाने वाली वनडे सीरीज में ...और पढ़ें

वनडे टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, नई दिल्ली: भारतीय टीम के आगामी न्यूजीलैंड दौरे पर कुछ प्रमुख बल्लेबाजों को वेस्टइंडीज के विरुद्ध वनडे सीरीज से आराम दिया जा सकता है, ताकि वह टेस्ट क्रिकेट की बेहतर तैयारी कर सकें। मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कहा कि 50 ओवर के क्रिकेट से पांच दिवसीय टेस्ट में कम समय में बदलाव करना आसान नहीं होता और खिलाड़ियों को इसके लिए पर्याप्त तैयारी का समय देना जरूरी है।
भारत का न्यूजीलैंड दौरा लंबा होगा, जिसमें तीनों प्रारूपों के कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे। कार्यक्रम के मुताबिक पांचवां और अंतिम वनडे 16 नवंबर को होगा, जबकि पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होगा। यानी वनडे खत्म होने के केवल तीन दिन बाद ही टेस्ट मैच शुरू हो जाएगा। ऐसे में टेस्ट सीरीज से पहले खिलाड़ियों के पास अभ्यास के लिए सिर्फ दो दिन होंगे।
इन खिलाड़ियों को मिल सकता है आराम
गंभीर ने जियो स्टार से बात करते हुए कहा कि टी-20 से वनडे में जाना अपेक्षाकृत आसान है, लेकिन टेस्ट की तैयारी के लिए बल्लेबाजों को सफेद गेंद के क्रिकेट से ब्रेक देना जरूरी हो सकता है। ऐसे में कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल जैसे प्रमुख बल्लेबाजों के साथ जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, रवींद्र जडेजा और नीतीश रेड्डी को कुछ वनडे मुकाबलों से बाहर रखा जा सकता है।
बुमराह और हार्दिक विश्व कप योजना का अहम हिस्सा
2027 वनडे विश्व कप की तैयारी वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज से शुरू होगी। इस दौरान एशियाई खेलों की ड्यूटी के कारण जसप्रीत बुमराह उपलब्ध नहीं होंगे, जबकि हार्दिक पांड्या अभी वनडे में पूरे 10 ओवर गेंदबाजी करने के लिए फिट नहीं हैं। गंभीर ने दोनों को विश्व कप की योजनाओं का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि हार्दिक के लिए पर्याप्त मैच अभ्यास बेहद जरूरी है, क्योंकि आईपीएल के बाद उन्होंने ज्यादा क्रिकेट नहीं खेला है। विश्व कप में जाने से पहले पर्याप्त मैच और लय हासिल करना जरूरी होगा।
गिल को रोहित-कोहली का अनुभव मिलना फायदेमंद
गंभीर ने वनडे कप्तान शुभमन गिल की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि गिल के लिए यह अच्छी बात है कि वनडे टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं, जो मैदान के अंदर और बाहर उनका मार्गदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने माना कि गिल के लिए वनडे में कुछ कठिन समय रहा है, लेकिन अब तक उन्होंने कप्तानी में जरूरी फैसले सही तरीके से लिए हैं और सभी कसौटियों पर खरे उतरे हैं।
दो साल का कार्यकाल उतार-चढ़ाव भरा
मुख्य कोच के तौर पर दो साल के कार्यकाल में गंभीर ने भारत को चैंपियंस ट्रॉफी और टी20 विश्व कप जिताया है, लेकिन घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध टेस्ट सीरीज में हार भी मिली। गंभीर ने स्वीकार किया कि उनका अब तक का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है।
