40 साल का इंतजार खत्म: श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में लौटेगी क्रिकेट की रौनक, खेला जाएगा ईरानी ट्रॉफी का फाइनल
श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में 40 साल बाद किसी बड़े राष्ट्रीय स्तर के घरेलू क्रिकेट मैच की वापसी हो रही है।

शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जम्मू। श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में 40 साल बाद किसी बड़े राष्ट्रीय स्तर के घरेलू क्रिकेट मैच की वापसी हो रही है। ईरानी ट्रॉफी का यह मैच 2025-26 रणजी ट्रॉफी की विजेता जम्मू-कश्मीर और शेष भारत के बीच एक से पांच अक्टूबर तक खेला जाएगा।
दोनों टीमों के बीच यह रोमांचक मुकाबला शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में नौ सितंबर 1986 को भारत बनाम आस्ट्रेलिया के बीच हुए एक दिवसीय क्रिकेट मुकाबले के बाद सबसे बड़ा क्रिकेट का महामुकाबला होगा।
41 वर्षीय बल्लेबाज पारस डोगरा की कप्तानी वाली जम्मू-कश्मीर टीम जाहिर तौर पर स्विंग गेंदबाज आकिब नबी डार पर निर्भर रहेगी, जिन्हें हाल ही में भारत के श्रीलंका दौरे के लिए चुना गया है। 29 वर्षीय तेज गेंदबाज आकिब नबी ने 2025-26 रणजी ट्रॉफी में 12.56 की औसत से 60 विकेट लिए थे।
जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष देशरतन दुबे ने बताया कि स्टेडियम को इस बड़े महामुकाबले के लिए तैयार किया जा रहा है। इसका सीधा प्रसारण होने के कारण स्टेडियम में बड़े सुधार किए जा रहे हैं।
बीसीसीआई की टीम दो बार कर चुकी है दौरा
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन को इस बड़े मैच की मेजबानी के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में मार्गदर्शन देने के लिए दो बार श्रीनगर में अपनी टीम भेजी है। स्टेडियम में कमेंटेटर बॉक्स, प्रसारण की उचित व्यवस्था, मीडिया बाक्स और दर्शकों के लिए कुछ और स्टैंड (अस्थायी और स्थायी दोनों) की आवश्यकता है।
