CWG 2026: चोट भी नहीं रोक पाई तेजस्विन शंकर का रास्ता, डिकैथलॉन में ब्रॉन्ज जीत रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय
तेजस्विन शंकर ने डिकैथलॉन में कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। वह इन खेलों में इस इवेंट में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बने हैं। ...और पढ़ें

तेजस्विन शंकर ने किया कमाल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के तेजस्विन शंकर ने ग्लास्गो में खेले जा रहे कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में वो काम कर दिखाया है जो अभी तक किसी भी भारतीय ने नहीं किया था। तेजस्विन ने डिकैथलॉन में ब्रॉन्ज मेडल जीत अपने नाम किया है और वह इस इवेंट में कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बने हैं।
तेजस्विन ने चोट से जूझते हुए इस इवेंट में मेडल अपने नाम किया। इससे पहले वह एशियाई खेलों में भी पदक जीत चुके हैं। अब इस मेडल से उन्होंने अपने आप को भारत के दमदार खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया है।
दो दिन, 10 इवेंट में किया कमाल
तेजस्विन ने दो दिन तक चले 10 इवेंट में कुल 7,979 अंक हासिल किए और तीसरे स्थान पर रहते हुए कांसा अपने नाम किया। पेरिस ओलंपिक-2024 के गोल्ड मेडलिस्ट लिंडन विक्टर ने 8096 अंकों के साथ गोल्ड अपने नाम किया। कनाडा के डेमियन वॉर्नर ने सिल्वर जीता। तेजस्विन अपने घुटने की चोट से परेशान थे फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी और दो दिन तक लड़ाई करते हुए मेडल अपने नाम किया।
इवेंट की शुरुआत से एक दिन पहले ही तेजस्विन को चोट लगी थी। ऐसे में उनके हिस्सा लेने पर संशय था। हालांकि, उन्होंने चोट की परवाह किए बिना हिस्सा लिया। 100 मीटर की रेस में अपने हीट में वह आखिरी स्थान पर रहे तो परेशानी बढ़ती दिखी, लेकिन इसके बाद उन्होंने पूरी बाजी पलट दी। इसके अगले ही इवेंट लॉन्ग जम्प में उन्होंने 7.82 मीटर की जम्प के साथ वापसी की।
खबरें और भी
ऐसा रहा तेजस्विन का प्रदर्शन
शॉटपुट में उन्होंने 13.09 मीटर का थ्रो किया और सातवें स्थान पर रहे। हाई जम्प में वह 2.15 मीटर की जम्प के साथ मेडल की रेस में वापस आ गए। वह इस इवेंट में दो मीटर का मार्क पार करने वाले इकलौते खिलाड़ी थे। 400 मीटर की रेस में वह 49.51 सेकेंड का समय निकालते हुए अपनी हीट में चौथे स्थान पर रहे। शुरुआती पांच इवेंट के बाद तेजस्विन ने अपने आप को मेडल की रेस में बनाए रखा था।
दूसरे दिन 110 मीटर बाधा दौड़ में तेजस्विन ने 14.41 सेकेंड का समय निकालते हुए मेडल की रेस में अपने आप को और मजबूत कर लिया। डिस्कस थ्रो में वह 40.44 मीटर की थ्रो के साथ छठे स्थान पर रहे। पोल वॉल्ट में तेजस्विन ने 4.30 मीटर का मार्क हासिल करते हुए आठवां स्थान हासिल किया। जेवलिन थ्रो में उन्होंने 53.12 की थ्रो की। 1500 मीटर रेस जो आखिरी इवेंट था उसमें तेजस्विन ने 4:36.19 सेकेंड का समय निकालते हुए मेडल पक्का किया।