Exclusive: LSG के गेंदबाजी आक्रमण का नेतृत्व करने को तैयार Anrich Nortje, बताई क्या है रणनीति
साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया अपनी तूफानी गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। आईपीएल-2026 में वह लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ खेलेंगे। नॉर्खिया ने ...और पढ़ें

एनरिक नॉर्खिया आईपीएल-2026 में लखनऊ के लिए खेलेंगे

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
आईपीएल 2026 का काउंटडाउन शुरू हो गया है और विदेशी खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों से जुड़ने लगे हैं। इसी कड़ी में दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के साथ जुड़ चुके हैं। टीम से जुड़ने के बाद उन्होंने एलएसजी के तेज गेंदबाजी आक्रमण की सराहना की और गेंदबाजी आक्रमण के नेतृत्व की भूमिका को लेकर भी अपनी बात रखी। इस मौके पर अभिषेक त्रिपाठी ने एनरिक नॉर्खिया से खास बातचीत की, जिसमें उन्होंने टीम संयोजन, परिस्थितियों और अपनी भूमिका पर खुलकर विचार साझा किए।
इंटरव्यू के मुख्य अंश
सवाल- आप ऐसे समय में एलएसजी से जुड़ रहे हैं जब उनकी तेज गेंदबाजी चोटों और अनुभव की कमी से जूझ रही है। क्या आप इसे आक्रमण की अगुआई का मौका मानते हैं?
एनरिक नॉर्खिया- मुझे लगता है काफी लंबा समय हो गया है इसलिए मौका मिलेगा तो मैं तैयार हूं लेकिन मेरी समझ से लड़के फिट हैं और खेलने के लिए तैयार हैं। मैं ट्रेनिंग में सभी से मिलने और चीजें देखने का इंतजार कर रहा हूं। जब भी मौका मिलेगा, मैं उसे लेना चाहूंगा और टीम का हिस्सा बनना चाहूंगा। अगर गेंदबाजी आक्रमण के नेतृत्व की भूमिका हो या टीम में कोई भी भूमिका, सबके लिए मैं तैयार हूं। टीम की जरूरत सबसे ऊपर है। मैं ट्रेनिंग में देखूंगा कि साथी गेंदबाज कैसा प्रदर्शन कर रहे हैं। इस समय कोई चोटिल नहीं है। मयंक फिट हैं, आवेश फिट हैं, मोहसिन फिट हैं। पूरी तेज गेंदबाजी यूनिट फिट है।
सवाल- आपके लिए एलएसजी से जुड़ना पेशेवर और व्यक्तिगत तौर पर कितना अहम है?
एनरिक नॉर्खिया- ऐसी टीम से जुड़ना शानदार है। मैंने इस टीम के बारे में बहुत अच्छी बातें सुनी हैं। यहां कुछ दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी भी हैं, जो मेरे लिए अच्छा है। मैंने स्टाफ से भी पहले बातचीत की है। टीम का सेटअप बहुत अच्छा लग रहा है। सभी बहुत दोस्ताना और संगठित हैं। टीम से जुड़कर अच्छा लग रहा है और आगे का इंतजार है। मैं यहां आकर बहुत खुश हूं।
सवाल- एलएसजी के पेस अटैक में मयंक और मोहम्मद शमी के साथ गेंदबाजी के बारे में क्या सोचते हैं?
एनरिक नॉर्खिया- शमी शानदार गेंदबाज हैं। उनका अनुभव खुद बोलता है। उन्होंने कई वर्षों से बेहतरीन प्रदर्शन किया है। वह उन बेहतरीन गेंदबाजों में से एक हैं जिनके विरुद्ध मैंने खेला है। यह अच्छा मिश्रण है। हमारी टीम के पास अनुभव भी है और युवा खिलाड़ी भी हैं। गेंदबाजों के पास काफी रफ्तार भी है, जो अच्छा है। उम्मीद है हम परिस्थितियों का बेहतर उपयोग कर पाएंगे।
खबरें और भी
सवाल-आप एकाना स्टेडियम में हैं। आपने अभ्यास किया और पिच देखी। उसके हिसाब से क्या योजना है?
एनरिक नॉर्खिया- मैं हाल में ही यहां पहुंचा हूं। पिच देखने के बाद पता चलेगा कि आगे कैसी रणनीति रखनी है। लेकिन जैसा मैंने कहा, यह अच्छा पेस अटैक है और हम परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।
सवाल- आप तेज रफ्तार के लिए जाने जाते हैं। अलग अलग शहरों में भारतीय पिचों पर परिस्थितियां अलग होती हैं। यहां आक्रामकता और नियंत्रण का संतुलन कैसे रखते हैं?
एनरिक नॉर्खिया- अंत में आपको अपनी स्किल्स पर भरोसा करना होता है और जो स्थिति सामने आए, उसे लागू करना होता है। अलग-अलग दिनों में अलग रणनीति हो सकती है। कभी-कभी मुश्किल होता है, लेकिन जब सही होता है तो अच्छा लगता है। दिन के हिसाब से योजना बनाकर उसी पर अमल करना जरूरी है।
सवाल- टी-20 बल्लेबाजी तेजी से विकसित हुई है। बल्लेबाज नए-नए शॉट के साथ सामने आते हैं। तेज गेंदबाज के रूप में सबसे बड़ी चुनौती क्या रही?
एनरिक नॉर्खिया- बल्लेबाज अब कम डर के साथ खेलते हैं। बाउंड्री और छक्के लगाने में उनकी स्किल्स भी बेहतर हुई हैं। गेंदबाज के तौर पर आपको उसके अनुसार ढलना पड़ता है। कुछ दिन कठिन होंगे और रन ज्यादा जाएंगे, लेकिन योजना के साथ खेलना जरूरी है। हर दिन सफलता नहीं मिलेगी, लेकिन ज्यादातर मुकाबले जीतना लक्ष्य है। बल्लेबाजी विकसित हुई है तो गेंदबाजों को भी विकसित होना होगा। अपनी स्किल्स पर भरोसा जरूरी है।
सवाल- इस आईपीएल से पहले तेज गेंदबाजों को चोट की खबरें बहुत आ रही है। क्या ज्यादा क्रिकेट इसका कारण है?
एनरिक नॉर्खिया- मुझे इसका कोई अंदाजा नहीं है, सर।
सवाल- आप विदेशी खिलाड़ी के रूप में एलएसजी के साथ जुड़े हैं। एक ऐसी फ्रेंचाइजी में उम्मीदों को कैसे संभालेंगे जो पहला खिताब जीतना चाहती है?
एनरिक नॉर्खिया- यह अच्छा मौका है और मैं टीम से जुड़कर उत्साहित हूं। आगे जो भी होगा, उसका इंतजार है। कोई भी टीम खिताब जीतना चाहती है यह आदर्श है। मैं टीम के लिए जितना योगदान दे सकूं, वही कोशिश रहेगी। चुनौती के लिए तैयार हूं और एक-एक कदम आगे बढ़ेंगे।