Exclusive: चोट से रफ्तार पर कोई असर नहीं, अच्छी शुरुआत के लिए तैयार हूं- मयंक यादव
लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज मयंक यादव चोट से उभरते हुए वापसी को तैयार हैं। मयंक यादव ने कहा है कि वह इस सीजन का लुत्फ उठाना चाहते हैं और बिना दबा ...और पढ़ें

मयंक यादव वापसी को तैयार
HighLights
मयंक यादव आईपीएल में वापसी को तैयार
चोटों से परेशान रहे हैं मयंक यादव
लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ खेलने को तैयार
अपनी रफ्तार और आक्रामक गेंदबाजी से बल्लेबाजों के दिल में खौफ पैदा करने वाले लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज मयंक यादव आईपीएल के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में से रहे हैं। लगातार 150 किमी/घंटा से अधिक की गति से गेंदबाजी कर उन्होंने न सिर्फ टीम को मजबूती दी, बल्कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य के तौर पर भी अपनी छाप छोड़ी। तेज रफ्तार के लिए अलग पहचान बनाने वाले मयंक का करियर जितनी तेजी से उभरा, उतनी ही चुनौतियों का सामना भी उन्हें करना पड़ा। विकास मिश्र ने तेज गेंदबाज मयंक यादव से खास बातचीत की, जिसमें फिटनेस और टीम में बतौर तेज गेंदबाज अपनी भूमिका पर उन्होंने विचार साझा किए।
इंटरव्यू के मुख्य अंश
सवाल- पिछले दो सीजन में चोटों ने आपको काफी परेशान किया। फिटनेस बेहतर रखने के लिए आपकी खास रणनीति क्या है?
मयंक- निश्चित तौर पर चोट ने मेरे करियर को प्रभावित किया, लेकिन इस बार पूरी तरह फिट हूं। वैसे इस सीजन की तैयारी मैंने काफी पहले से शुरू कर दी थी। खासकर, मैंने अपनी गेंदबाजी की निरंतरता और लाइन-लेंथ पर खूब काम किया। नेट पर लंबे स्पेल डालने के साथ मैच की स्थिति को ध्यान में रखकर अभ्यास किया, ताकि दबाव में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकूं।
सलाल- आपकी रफ्तार आपकी गेंदबाजी की सबसे बड़ी ताकत रही है। क्या चोट का असर आपकी गति पर भी पड़ा है?
मयंक- बार-बार चोटिल जरूर हुआ, लेकिन इसका असर मेरी रफ्तार पर नहीं है। मैं अभी नियमित 145-150 किलोमीटर की गति से गेंदबाजी कर रहा हूं और एक अप्रैल को दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में अच्छी शुरुआत के लिए तैयार हूं। मेरा मानना है कि स्पीड बरकरार रखना सिर्फ ताकत का खेल नहीं है, बल्कि इसके लिए सही तकनीक और फिटनेस का संतुलन जरूरी होता है। मैं अपनी रनअप, बॉडी बैलेंस और रिलीज प्वाइंट पर काम करता हूं, जिसका असर दिख रहा है।
सवाल- फिटनेस को लेकर आपकी दिनचर्या कैसी रहती है?
मयंक- तेज गेंदबाज के लिए फिटनेस सबसे बड़ी चुनौती होती है। मैं रोजाना जिम में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग पर काम करता हूं। इसके अलावा मोबिलिटी एक्सरसाइज, स्ट्रेचिंग और आइस बाथ जैसी रिकवरी तकनीकों का भी इस्तेमाल करता हूं। एक खिलाड़ी के लिए सही डाइट और पर्याप्त नींद भी उतनी ही जरूरी है।
खबरें और भी
सवाल- लखनऊ सुपर जायंट्स ने आप पर लगातार भरोसा जताया है। क्या टीम की गेंदबाजी रणनीति में आपकी कोई खास भूमिका तय की गई है?
मयंक- लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुझपर जिस तरह भरोसा जताया है, वो मेरे लिए बहुत मायने रखता है। टीम प्रबंधन ने मुझे एक स्ट्राइक बॉलर की भूमिका दी है। मेरी कोशिश रहती है कि जब भी टीम को विकेट की जरूरत हो, मैं दिला सकूं। पावरप्ले में आक्रामक गेंदबाजी करना और आखिरी ओवरों में रन रोकने के साथ विकेट निकालना, बतौर तेज गेंदबाज ये मेरी जिम्मेदारी का अहम हिस्सा है। साथ ही, मैच की स्थिति के अनुसार अपनी रफ्तार और लेंथ को एडजस्ट करना भी जरूरी होता है। रही बात खास भूमिका की तो वह कोच और कप्तान तय करते हैं।
सवाल- आईपीएल-2026 आपके करियर का टर्निंग सीजन कहा जा रहा है। इसको लेकर क्या आप पर कोई दबाव है?
मयंक- सच कहूं तो टर्निंग सीजन कहे जाने से कोई दबाव महसूस नहीं हो रहा है। मेरे लिए सबसे जरूरी है कि मैं अपने खेल पर ध्यान दूं और टीम के लिए योगदान कर सकूं। दबाव तभी होता है, जब आप अपने आप को उसकी तुलना में आंकते हैं, लेकिन मैंने हमेशा कोशिश की है कि हर मैच को अपने दम पर जीतने का मौका समझूं।
सवाल- पिछले दो सीजन में एलएसजी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। क्या इस बार कोई खास रणनीति बनाई गई है?
मयंक- पिछले दो सीजन हमारे लिए चुनौतीपूर्ण रहे, लेकिन इस बार हमारी टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी में बेहद संतुलित है। हर खिलाड़ी अपनी भूमिका को लेकर स्पष्ट है। कप्तान ऋषभ पंत नेट पर और अभ्यास मैच में अच्छे लय में दिख रहे हैं। हम इस बार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए पूरी तरह तैयार हैं।