PSL 2026 Final: गेंद के बाद बल्ले से चमके Aaron Hardie, बाबर आजम की टीम ने दूसरी बार जीता खिताब
PSZ vs HYDK: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के फाइनल में रविवार रात पेशावर जाल्मी ने हैदराबाद किंग्समैन को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी। ...और पढ़ें

बाबर आजम की टीम ने जीता फाइनल।
HighLights
पेशावर जाल्मी ने हैदराबाद किंग्समैन को दी मात
एरोन हार्डी ने 4 विकेट चटकाए और फिफ्टी लगाई
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला गया फाइनल
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। PSZ vs HYDK: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 (PSL 2026) के फाइनल में रविवार रात पेशावर जाल्मी ने हैदराबाद किंग्समैन को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में पेशावर जाल्मी (Peshawar Zalmi) के कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) ने टॉस जीता और हैदराबाद किंग्समैन को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। हैदराबाद टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 18 ओवर में 129 रन पर ढेर हो गई। सैम अयूब ने अर्धशतक लगाया।
जवाब में एरोन हार्डी के प्रदर्शन की बदौलत पेशावर जाल्मी ने 16वें ओवर में 5 विकेट खोकर 130 रन के टारगेट को चेज कर लिया। पीएसएल में पेशावर की यह दूसरी ट्रॉफी है। इससे पहले उन्होंने लीग के दूसरे सीजन में (2017) में खिताब जीता था। वहीं हैदराबाद का डेब्यू सीजन में विनर बनने का सपना चूर हो गया।
हैदराबाद की खराब शुरुआत
पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद (Hyderabad Kingsmen) नियमित अंतराल में विकेट खोती चली गई। दूसरे ही ओवर में मोहम्मद बासित ने माज सदाकत (11) का विकेट चटकाया। 5वें ओवर में कप्तान मार्नस लाबुशेन (20) की पारी ने मोहम्मद हारिस के हाथों में दम तोड़ा। विकेटकीपर उस्मान खान (8) भी सस्ते में आउट हो गए। 7वें ओवर में हैदराबाद को दूसरा झटका लगा। आखिरी गेंद पर इरफान खान रन आउट हुए।
एक ओवर में लगे 2 झटके
8वें ओवर में भी हैदराबाद के 2 विकेट गिरे। नाहिद राणा ने ग्लेन मैक्सवेल (0) और कुसल परेरा (1) को पवेलियन भेजा। इसके बाद हसन खान ने 12 और हुनैन शाह ने 9 रन बनाए। 18वें ओवर की पहली गेंद पर सैम अयूब कैच आउट हुए। उन्होंने 50 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली। अपनी इस पारी में सैम ने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। एरोन हार्डी ने 4 ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट चटकाए। नाहिद राणा के खाते में 2 विकेट आए।
खबरें और भी
बाबर आजम का नहीं खुला खाता
130 रन चेज करने उतरी पेशावर जाल्मी की शुरुआत भी खराब रही। 40 रन और 5 ओवर के भीतर ही टीम के 4 विकेट गिर गए। पहले ही ओवर में मोहम्मद अली ने मोहम्मद हारिस (6) और कप्तान बाबर आजम (0) का विकेट अपने नाम किया। इसके बाद चौथे ओवर में कुसल मेंडिस (9) और 5वें ओवर में माइकल ब्रेसवेल (4) कैच आउट हुए।
मैच विनिंग साझेदारी
4 विकेट जल्दी गंवाने के बाद एरोन हार्डी ने अब्दुल समद के साथ पारी को संभाला। दोनों न तो विकेट गिरने दिया, स्ट्राइक रोटेट की, साथ ही बीच-बीच में कुछ बड़े शॉट भी लगाए। एरोन हार्डी ने 35 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। जीत के बेहद करीब आकर समद कैच आउट हो गए। उन्होंने 34 गेंदों पर 48 रन बनाए। समद और एरोन के बीच 5वें विकेट के लिए 60 गेंदों पर 85 रन की साझेदारी हुई। एरोन हार्डी 39 गेंदों पर 56 रन बनाकर नाबाद रहे। मोहम्मद अली ने 3 विकेट चटकाए।