CSK vs GT: गुजरात के 'सुदर्शन चक्र' के आगे पस्त हुई येलो आर्मी, चेन्नई का घर में हुआ बुरा हाल
गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को उनके घर में घुसकर मात दी। गुजरात ने सीएसके को 8 विकेट से हराया और सीजन की चौथी जीत हासिल की है। ...और पढ़ें

गुजरात ने चेन्नई को हराया
HighLights
चेन्नई और गुजरात के बीच चेपॉक में खेला गया मैच
गुजरात ने चेन्नई को 8 विकेट से हराया
साई सुदर्शन ने खेली शानदार पारी
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद साई सुदर्शन के अर्धशतक के दम पर जीटी ने चेन्नई सुपर किंग्स को उनके घर में घुसकर हराया। चेन्नई के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को छोड़कर बाकी बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए और इस वजह से सीएसके को चेपॉक में हार का सामना करना पड़ा। बेंगलुरु के खिलाफ हार के बाद गुजरात की टीम एक बार फिर से जीत की पटरी पर वापस लौट आई है।
चेन्नई ने गायकवाड़ के नाबाद 74 रनों की बदौलत पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए थे। इस लक्ष्य को गुजरात ने 16.4 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इसी के साथ उन्होंने सीजन की चौथी जीत दर्ज की और अंक तालिका में भी पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। सुदर्शन ने शानदार पारी खेलते हुए 87 रन बनाए। गुजरात ने मैच को 8 विकेट से अपने नाम कर लिया।
चेन्नई की खराब शुरुआत
गुजरात ने चेन्नई को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था। इसके बाद गुजरात के गेंदबाजों ने कहर बरपा दिया। सीएसके को संजू सैमसन के रूप में पहले झटका लगा और वे 11 रन बनाकर आउट हो गए। चेपॉक में सीएसके के बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे और एक के बाद एक लगातार विकेट गिरते रहे। 21 रनों के स्कोर पर पहला विकेट गंवाने वाली चेन्नई ने अगले 16 रनों पर 3 विकेट गंवा दिए। उनका स्कोर एक समय पर 37/4 हो गया। मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने कसी हुई गेंदबाजी की और चेन्नई के बल्लेबाजों को हाथ नहीं खोलने दिए। इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आए सरफराज खान कुछ नहीं कर सके और गोल्डन डक का शिकार बने।
ऋतुराज गायकवाड़ की फिफ्टी
चेन्नई की टीम एकतरफ जहां विकेट खोती रही, तो दूसरी तरफ कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ डटे रहे। उन्होंने धीमी बल्लेबाजी की और पारी को संभाला। गायकवाड़ ने 49 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। अंत के ओवरों में उन्होंने पारी को तेजी से आगे बढ़ाया और 60 गेंदों पर नाबाद 74 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 4 छक्के निकले। अंत में जेमी ओवरटन ने भी अपने हाथ खोले और 6 गेंदों पर 18 रन बनाए। इसी के साथ चेन्नई ने 7 विकेट के नुकसान पर 158 रन बना लिए। गुजरात के लिए कगिसो रबाडा (3), अरशद खान (2), मोहम्मद सिराज (1) और मानव सुथार को भी एक सफलता मिली।
खबरें और भी
शुभमन गिल और साई सुदर्शन की शानदार शुरुआत
सीएसके के 159 रनों के लक्ष्य के जवाब में गुजरात ने शानदार शुरुआत की। कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन के बीच पहले विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी हुई। गिल 33 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें नूर अहमद की गेंद पर संजू सैमसन ने एक शानदार स्टपिंग के जरिए मैदान के बाहर भेजा।
साई सुदर्शन ने जड़ी फिफ्टी
गिल के आउट होने के बाद सुदर्शन मैदान पर डटे रहे और अर्धशतक लगाया। उन्होंने 33 गेंदों पर अपनी फिफ्टी जड़ी और टीम को जीत के करीब पहुंचाया। गुजरात को जीत के लिए 4 रनों की दरकार थी और सुदर्शन ने शॉट लगाकर मैच को खत्म करने की कोशिश की लेकिन डेवाल्ड ब्रेविस ने अद्भुत कैच लपक लिया और उन्हें 87 रनों के स्कोर पर मैदान से बाहर भेज दिया। उन्होंने इस दौरान 4 चौके और 7 छक्के जड़े। जोस बटलर 30 गेंदों पर 39 रन बनाकर नाबाद रहे और गुजरात को 8 विकेट से जीत दिलाई। चेन्नई के लिए अकील हुसैन और नूर अहमद को एक-एक सफलता मिली।