विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SA W vs IND W: दीप्ति शर्मा का दक्षिण अफ्रीका पर 'डबल अटैक', ऋचा घोष का नया कारनामा; भारत ने खोला जीत का खाता

Published: Sun, 26 Apr 2026 02:51 AM (IST)

दीप्ति शर्मा (36* और 5 विकेट) के ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत भारत ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका महिला को चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में 14 रन से मात दी।

दीप्ति शर्मा

दीप्ति शर्मा 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। दीप्ति शर्मा (36* और 19/5) के डबल अटैक के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका को चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में 14 रन से मात दी। जोहानसबर्ग में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्‍लेबाजी करके 20 ओवर में 185/5 का स्‍कोर बनाया। जवाब में प्रोटियाज टीम 171/9 का स्‍कोर बना सकी।

यह भारत की मौजूदा सीरीज में पहली जीत रही। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम शुरूआती तीन मैच हारकर पहले ही सीरीज गंवा चुकी है। इस जीत के साथ भारतीय टीम सीरीज का अंतर 1-3 से कम करने में सफल रही। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का पांचवां व अंतिम मैच 27 अप्रैल को बेनोनी में खेला जाएगा।

दीप्ति का कहर

186 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका क्रांति गौड़ ने दिया। गौड़ ने प्रोटियाज कप्‍तान लौरा वोलवार्ट (18) को बोल्‍ड किया। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने मेजबान टीम को जल्‍दी-जल्‍दी दो झटके दिए। भारतीय ऑफ स्पिनर ने सुन लुस (40) और एनेरी डेरेकसन (9) को बोल्‍ड किया।

इसके बाद भारतीय टीम ने वापसी की और साउथ अफ्रीका को 171/9 के स्‍कोर पर रोक दिया। दीप्ति ने मिडिल ऑर्डर की कायला रेनेके (21) और लोअर ऑर्डर में अयाबोंगा खाका (1) व टुमी सेखुकुने (4) का शिकार किया। इसके अलावा काश्‍वी गौतम, श्रीचरणी और शैफाली वर्मा को एक-एक सफलता मिली।

ऋचा घोष का कीर्तिमान

इस बीच भारतीय विकेटकीपर ऋचा घोष ने नया कीर्तिमान स्‍थापित किया। दीप्ति की गेंद पर सेखुकुने को स्‍टंपिंग करके तानिया भाटिया का रिकॉर्ड तोड़ा। ऋचा शर्मा महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्‍यादा शिकार करने वाली भारतीय विकेटकीपर बन गईं हैं। ऋचा ने विकेट के पीछे से 69 शिकार किए। उन्‍होंने तानिया भाटिया (68 शिकार) को पछाड़ा।

भारतीय बैटर्स का मिला-जुला प्रदर्शन

याद दिला दें कि साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्‍लेबाजी का न्‍योता दिया। भारतीय ओपनर्स शैफाली वर्मा (9) और अनुष्‍का शर्मा (27) जल्‍दी पवेलियन लौटीं। जल्‍द ही भारती फूलमाली (2) के रूप में भारत को तगड़ा झटका दिया।

भारत ने जेमिमा रॉड्रिग्‍ज (43), कप्‍तान हरमनप्रीत कौर (22), दीप्ति शर्मा (36*) और ऋचा घोष (34*) की पारियों के दम पर 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 185 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की तरफ से कायला रेनेके और एलीज मारी मार्क्‍स ने सबसे ज्‍यादा दो-दो विकेट चटकाए। भारतीय टीम की कोशिश आखिरी मैच में अपनी जीत की लय को बरकरार रखने की होगी।

यह भी पढ़ें- IND W vs SA W 3rd T20I: लौरा-सुने के तूफान में उड़ा भारत, साउथ अफ्रीका के खिलाफ गंवाई टी-20 सीरीज

यह भी पढ़ें- IND W vs SA W: हरमनप्रीत की टीम को हर हाल में चाहिए होगी जीत, साख बचाने की है लड़ाई