विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Duleep Trophy Final: ईशान किशन की सेंचुरी और वैभव सूर्यवंशी का जलवा, पहले दिन ईस्ट जोन ने गाड़ा खूंटा

Published: Sun, 06 Sep 2026 06:23 PM (IST)Updated: Sun, 06 Sep 2026 07:47 PM (IST)

कप्‍तान ईशान किशन (111*) के नाबाद शतक की बदौलत ईस्‍ट जोन दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले में मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है।

वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन

वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। कप्‍तान ईशान किशन (111*) के नाबाद शतक की बदौलत ईस्‍ट जोन दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले में मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है। पहले दिन स्‍टंप तक ईस्‍ट जोन ने पहली पारी में 4 विकेट खोकर 385 रन बना लिए हैं। ईशान और कुमार कुशाग्र (63) अभी नाबाद हैं। ऐसे में दूसरे दिन टीम की नजर बड़े स्‍कोर पर होगी। दूसरी ओर साउथ जोन को शुरुआत में ही विकेट चटकाने होंगे।

चेन्‍नई के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में ईस्‍ट जोन के कप्‍तान ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत शानदार रही। अभिमन्यु ईश्वरन और वैभव सूर्यवंशी के बीच पहले विकेट के लिए 88 गेंदों पर शतकीय साझेदारी हुई। फिफ्टी की ओर बढ़ रहे वैभव 37 गेंदों पर 44 रन बनाकर कैच आउट हुए। इस दौरान उन्‍होंने 5 चौके और 1 छक्‍का लगाया।

 

 

फिफ्टी लगाने के बाद अभिमन्यु ईश्वरन रन आउट हुए। उन्‍होंने 86 गेंदों का सामना किया और 72 रन बनाए। सुदीप कुमार घरामी का बल्‍ला नहीं चला और वह 6 रन ही बना पाए। इसके बाद कप्‍तान ईशान किशन ने शिखर मोहन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 94 रन जोड़े। 53वें ओवर में चामा वी मिलिंद ने मोहन को बोल्‍ड किया। मोहन शतक से चूक गए और 85 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इस बीच ईशान किशन ने बाउंड्री के साथ 122 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। इतना ही नहीं उनके प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 4000 रन भी पूरे हुए। ईशान किशन का यह 10वां फर्स्ट-क्लास शतक है। दिन का खेल समाप्‍त होने तक ईशान 135 गेंदों पर 111 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं कुमार कुशाग्र भी उनका साथ दे रहे हैं और 63 रन बनाकर डटे हुए हैं।

 

 

मैदान में भिड़े तिलक और सूर्यवंशी

फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी और तिलक वर्मा आपस में भिड़ गए। पूर्व क्षेत्र के लिए वैभव और अभिमन्यु की प्रारंभिक जोड़ी की साझेदारी के 11 ओवर में यह घटना घटी। वैभव तूफानी पारी खेल रहे थे, तभी दक्षिण के कप्तान तिलक वर्मा ने पहले वैभव को स्लेज किया।

इसके बाद तिलक वर्मा वैभव सूर्यवंशी की ओर आए और कुछ इशारा भी किया और उनके सीने पर हाथ मारा। वैभव भी उनके सामने डट गए, दोनों काफी देर यूं खड़े रहे और लगातार कुछ बोलते रहे। अंपायर ने देखा तो बीच-बचाव करते हुए दोनों को अलग कर दिया। इस प्रकरण का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

यह भी पढ़ें- Duleep Trophy 2026 Final Day-1 Highlights: ईशान किशन के शतकीय प्रहार से मजबूत स्थिति में ईस्ट जोन, तिलक वर्मा की बढ़ी टेंशन

यह भी पढ़ें- 'क्या ये उप-कप्तान?' तिलक वर्मा की स्लेजिंग का शिकार हुए वैभव सूर्यवंशी, दलीप ट्रॉफी फाइनल में बड़ी पारी खेलने से चूके