Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    IND vs SA: 'असली वर्ल्‍ड कप' शुरू होते ही खुल गई भारत की पोल, सुपर-8 के पहले मैच में साउथ अफ्रीका ने रौंदा

    Updated: Sun, 22 Feb 2026 10:37 PM (IST)

    दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने 188 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में पूरी भारतीय टीम बुरी तरह फेल हो गई और 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। ...और पढ़ें

    भारत को मिली करारी हार

    भारत को मिली करारी हार

    HighLights

    1. दक्षिण अफ्रीका को मिला डेविड मिलर का सहारा

    2. दक्षिण अफ्रीका ने भारत को दिया 188 रन का लक्ष्य

    3. डेवाल्ड ब्रेविस ने खेली 45 रन की उपयोगी पारी 

    स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी-20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में रविवार को दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध तेज गेंदबाजों ने भारत को शानदार शुरुआत तो दिलाई, लेकिन एक छोर पर डेविड मिलर (63) ने पैर जमाकर अपनी टीम को न सिर्फ संकट से निकाला बल्कि उसे मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया।

    दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने 188 रन का लक्ष्य रखा। डेवाल्ड ब्रेविस (44) और ट्रिस्टन स्टब्स (24) ने भी अहम योगदान दिया। जवाब में पूरी भारतीय टीम बुरी तरह फेल हो गई और 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। साउथ अफ्रीका ने इस मैच को 76 रन से जीता।

    असली विश्‍व कप अब शुरू हुआ

    ग्रुप स्‍टेज में भारत ने पाकिस्‍तान को छोड़कर छोटी टीमों (नामीबिया, नीदरलैंड, अमेरिका) को हराया। हालांकि, जैसे ही असली टी20 विश्‍व कप यानी सुपर-8 के मैच शुरू हुए भारतीय टीम की पोल खुल गई। सुपर-8 के अपने पहले ही मैच में भारत को शर्मनाक हार मिली। अब 26 फरवरी को भारत का सामना जिम्‍बाब्‍वे से और 1 मार्च को वेस्‍टइंडीज से होगा। भारत को अगर सेमीफाइनल में जगह बनानी है तो हर हाल में ये दोनों मैच जीतने होंगे।

    लंबे समय बाद मिली हार

    टी20 विश्व कप 2022 में एडिलेड में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में हारने के बाद से मल्‍टीनेशन टी20 इंटरनेशनल टूर्नामेंट में भारत की यह पहली हार है। टी20 इंटरनेशनल मैचों में रनों के अंतर से भारत की यह दूसरी सबसे बड़ी हार है। इससे पहले 2019 में वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ 80 रनों से मिली हार थी।

    खबरें और भी

    टी20 विश्व कप में भारत की सबसे बड़ी हार (रन)

    • 76 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, अहमदाबाद, 2026
    • 49 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, ब्रिजटाउन, 2010
    • 47 रन बनाम न्यूजीलैंड, नागपुर, 2016

    टी20 विश्व कप में भारत के लिए न्यूनतम स्कोर

    • 79 रन बनाम न्यूजीलैंड, नागपुर 2016
    • 110/7 बनाम न्यूजीलैंड, दुबई 2021
    • 111 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, अहमदाबाद 2026
    • 118/8 बनाम दक्षिण अफ्रीका, नॉटिंघम 2009
    • 119 रन बनाम पाकिस्तान, न्यूयॉर्क 2024
     
     
     

    गेंदबाजों ने भारत को दिलाई अच्‍छी शुरुआत

    अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में दो अजेय टीमें आमने-सामने थीं। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान एडेन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी ने शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका को बैकफुट पर धकेल दिया, वहीं डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस की विस्फोटक साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

    20 रन पर गिरे 3 विकेट

    बुमराह ने अपने पहले ही स्पैल में क्विंटन डिकॉक (6) को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई। डिकॉक ने एक फुल टॉस पर चौका जड़ा, लेकिन अगली ही गेंद पर बुमराह की बैक-आफ लेंथ गेंद अंदर की ओर मुड़ी और गिल्ली उड़ा ले गई। बुमराह के बाद अर्शदीप सिंह ने कप्तान एडेन मार्करम (4) को पवेलियन भेजा।

    मार्करम ने हार्दिक पांड्या को मिड ऑफ पर आसान कैच थमाया। बुमराह ने फिर रायन रिकेल्टन (7) को धीमी गेंद पर चकमा देकर आउट किया। महज चार ओवर में दक्षिण अफ्रीका टीम केवल 20 रन पर तीन विकेट गंवाकर संकट में थी और भारत पूरी तरह हावी दिख रहा था।

    मिलर की आतिशी पारी

    खराब शुरुआत के बाद डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस ने जोरदार प्रतिकार किया। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 51 गेंदों में 97 रन जोड़े। मिलर ने वरुण चक्रवर्ती को निशाना बनाते हुए लगातार दो चौके लगाए और फिर अर्शदीप पर भी हमला बोला।

    पावरप्ले के अंतिम दो ओवरों में 21 रन बटोरकर दक्षिण अफ्रीका ने वापसी के संकेत दिए। 'बेबी एबी' के नाम से मशहूर ब्रेविस ने भी आक्रामक बल्लेबाजी की और पाइंट व लांग आन के ऊपर छक्के जड़कर भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया।

    वरुण-सुंदर ने लुटाए रन

    वॉशिंगटन सुंदर और वरुण चक्रवर्ती महंगे साबित हुए। वरुण ने अपने तीन ओवर में 39 रन लुटाए, जबकि शिवम दुबे की गलत लाइन-लेंथ का भी फायदा उठाया गया। 10 ओवर समाप्त होने तक दक्षिण अफ्रीकी टीम 84 रन बनाकर मैच में वापसी का बिगुल फूंक चुकी थी।

    12वें ओवर में शिवम दुबे ने ब्रेविस को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। दुबे ने एक छक्का खाने के बाद ब्रेविस को बैक आफ लेंथ गेंद पर पुल शॉट खेलने के लिए उकसाया और गेंद आसमान में खड़ी हो गई, जिस पर अभिषेक ने आसान का कैच लपका।

     

     

     

    साउथ अफ्रीका ने बनाए 187 रन

    दूसरी ओर मिलर ने एक छोर संभाले रखा और छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया। वरुण ने मिलर को आउट कर भारत को बड़ी राहत दी क्योंकि अगर ये बल्लेबाज थोड़ी देर और क्रीज पर रुकता तो दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 200 के पार पहुंच सकता था। मिलर ने सात चौके और तीन छक्के लगाए। अंत में भारतीय गेंदबाजों ने वापसी जरूर की, लेकिन अंतिम दो गेंद पर स्टब्स ने दो छक्के लगाकर टीम को 185 रन के पार पहुंचा दिया।

    ईशान का नहीं खुला खाता

    188 रन चेज करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत साउथ अफ्रीका की तरह ही रही। 26 के स्‍कोर पर भारत के 3 विकेट गिर चुके थे। पहले ही ओवर में ईशान किशन कैच आउट हुए। इनफॉर्म ईशान का खाता तक नहीं खुला। दूसरे ओवर में तिलक वर्मा (1) ने क्विंटन डिकॉक को कैच थमा दिया। 2 ओवर में 2 विकेट गिरने के बाद फैंस को उम्‍मीद थी कि आज अभिषेक शर्मा का बल्‍ला चलेगा। हालांकि, उन्‍होंने फैंस को निराश किया।

    अभिषेक का खुल गया खाता

    मार्को यानसेन ने अभिषेक शर्मा को अपने जाल में फंसा लिया। बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में अभिषेक कैच आउट हुए। उन्‍होंने 12 गेंदों पर 15 रन बाए। अभिषेक के शॉट को ऊंचाई तो मिली पर दूरी नहीं मिल पाई। कॉर्बिन बॉश और केशव महाराज गेंद के पीछे भागे और टकरा भी गए। हालांकि, बॉश ने कोई गलती नहीं की और कैच को पकड़कर ही दम लिया। इससे पहले तक अभिषक का विश्‍व कप में खाता नहीं खुला था। 3 मैच में वह तीनों बार डक पर आउट हुए थे।

    3 विकेट जल्‍दी गिरने के बाद वॉशिंगटन सुंदर को प्रमोट कर 5 नंबर पर भेजा गया। हालांकि, सुंदर नाम के अनुरूप काम नहीं कर पाए और 11 गेंदों पर 11 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। भारतीय टीम को पार्टनरशिप की जरूरत थे, लेकिन टीम लगातार विकेट खोती गई।

    लय में नजर नहीं आए कप्‍तान

    10वें ओवर की पहली गेंद पर कप्‍तान सूर्यकुमार यादव कैच आउट हुए। उन्‍होंने 22 गेंदों पर 18 रन बनाए। कॉर्बिन बॉश की गेंद पर डेवाल्ड ब्रेविस भारतीय कप्‍तान का कैच लिया। 144.3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की तेज लेंथ गेंद को सूर्यकुमार लेग साइड में स्क्वायर के पीछे की ओर शॉट लगाने की कोशिश में आगे बढ़े। गेंद बल्ले के निचले हिस्से से लगकर मिडविकेट के दाईं ओर चली गई। पहले 10 ओवर में भारत का स्‍कोर 5 विकेट के नुकसान पर 57 रन था। टीम को अगली 60 गेंदों पर जीत के लिए 131 रनों की दरकार थी।

    केशव ने झटके 3 विकेट

    हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे संभलकर बल्‍लेबाजी की। दोनों ने 30 गेंदों पर 35 रन जोड़े। फिर 15वें ओवर में केशव महाराज ने भारत को 3 झटके देकर साउथ अफ्रीका की जीत पर मुहर लगा दी। उन्‍होंने पहली गेंद पर हार्दिक (18), तीसरी पर रिंकू सिंह (0) और आखिरी गेंद पर अर्शदीप सिंह (1) पर पवेलियन भेज दिया। ट्रिस्टन स्टब्स ने ये तीनों कैच लपके।

    19वें ओवर में मार्को यानसेन ने शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह को आउट कर भारतीय टीम को 111 रन पर समेट दिया। साउथ अफ्रीक की ओर से यानसेन ने 4 विकेट चटकाए। केशव महाराज के खाते में 3 विकेट आए। कॉर्बिन बॉश ने 2 बल्‍लेबाजों का पवेलियन भेजा। 

    यह भी पढ़ें- IND vs SA: भारतीय टीम पर बोझ बनते जा रहे हैं अभिषेक और तिलक! T20 World Cup 2026 में जारी है फ्लॉप शो

    यह भी पढ़ें- IND vs SA: उपकप्तान होने के बावजूद अक्षर पटेल को टीम इंडिया में क्यों नहीं मिल रही जगह? कप्तान सूर्या ने बताई वजह