Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    MI vs PBKS: पंजाब किंग्‍स का विजयी अभियान जारी, डिकॉक के शतक पर भारी पड़ी प्रभसिमरन-अय्यर की पारी

    Updated: Thu, 16 Apr 2026 11:04 PM (IST)

    क्विंटन डिकॉक आईपीएल 2026 में आए और छाए। 19वे  सीजन में पहला मैच खेल रहे डिकॉक (112*) ने गुरुवार को पंजाब किंग्स के विरुद्ध शानदार शतकीय पारी खेली और ...और पढ़ें

    प्रभसिमरन सिंह ने बनाए 80 रन।

    प्रभसिमरन सिंह ने बनाए 80 रन।

    HighLights

    1. मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को दिया 196 रन का लक्ष्य

    2. इस सीजन में पहला मैच खेल रहे डिकॉक ने जड़ा शतक

    3. मुंबई इंडियन को मिली इस सीजन की चौथी हार

    स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। क्विंटन डिकॉक आईपीएल 2026 में आए और छाए। 19वे सीजन में पहला मैच खेल रहे डिकॉक (112*) ने गुरुवार को पंजाब किंग्स के विरुद्ध शानदार शतकीय पारी खेली और मुंबई इंडियंस को 196 रन के स्कोर तक पहुंचाया।

    हालांकि, प्रभसिमरन सिंह और कप्‍तान श्रेयस अय्यर की पारी डिकॉक पर भारी पड़ी और पंजाब ने मुंबई को 7 विकेट हराकर अपना विजयी अभियान जारी रखा। पंजाब की इस सीजन यह चौथी जीत है। टीम प्‍वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। उन्‍होंने अब तक हार का मुंह नहीं देखा है। वहीं मुंबई की यह लगातार चौथी हार है।

    मुंबई की टीम 12 रन पर दो विकेट गंवाकर संकट में थी, लेकिन डिकॉक ने नमन धीर (50) के साथ तीसरे विकेट के लिए 122 रन की साझेदारी कर मुंबई की मैच में वापसी कराई। आईपीएल में यह डिकॉक का तीसरा शतक है, जबकि इस सीजन में यह दूसरा शतक है। इससे पहले संजू सैमसन ने दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध शतक लगाया था। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर के बीच हुई शतकीय (139) साझेदारी ने पंजाब की जीत पर मुहर लगा दी।

    गजनफर ने दिए 2 झटके

    196 रन चेज करने उतरी पंजाब को एएम गजनफर ने अपने 2 ओवर में 2 झटके दिए। तीसरे ओवर में उन्‍होंने प्रियांश आर्य और 5वें ओवर में कूपर कोनोली को पवेलियन भेजा। इसके बाद सलामी बल्‍लेबाज प्रभसिमरन सिंह को श्रेयस अय्यर का साथ मिला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 139 रनों की साझेदारी हुई। इस दौरान प्रभसिमरन और श्रेयस कुछ जीवनदार मिले।

    खबरें और भी

    अर्धशतक लगाने के बाद मैच जल्‍दी खत्‍म करने के प्रयास में कप्‍तान अय्यर ने नमन धीर को कैच थमा दिया। उन्‍होंने 35 गेंदों पर 66 रन की पारी खेली। अपनी इस पारी में अय्यर ने 5 चौके और 4 छक्‍के भी लगाए। प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों पर नाबाद 80 रन बनाए। मार्कस स्टोइनिस ने 5 गेंदों का सामना किया और 10* रन बनाए।

    25 वर्ष की आयु में पंजाब के लिए सबसे ज्‍यादा 50+ स्‍कोर

    • 10* - प्रभसिमरन सिंह
    • 9 - डेविड मिलर
    • 6 - शॉन मार्श

    श्रेयस अय्यर ने जीता टॉस

    इससे पहले वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी चुनी। हैमस्टि्रंग में चोट के कारण रोहित शर्मा इस मुकाबले में नहीं उतरे और डिकॉक को अंतिम एकादश में जगह दी गई। मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने तीसरे ही ओवर में रियान रिकल्टन और सूर्यकुमार यादव के विकेट गंवा दिए और पावरप्ले के भीतर ही दबाव में आ गई। इसके बाद डिकॉक और नमन धीर ने मुंबई की पारी को संवारा।

    53 गेंदों पर ठोका शतक

    डिकॉक ने पहले 28 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया और फिर 53 गेंदों में जड़ा। उनकी पारी में आठ चौके और सात छक्के शामिल रहे। यह उनका आईपीएल में 2022 के बाद पहला शतक और कुल तीसरा शतक है। उन्होंने लेग साइड पर ताकतवर शाट्स और ऑफ साइड पर शानदार टाइमिंग के साथ गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। दूसरी ओर युवा बल्लेबाज नमन ने संयमित और जिम्मेदार पारी खेलते हुए 50 रन बनाए। डिकॉक तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई, जिसने मुंबई को संकट से निकालकर मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

    मुंबई के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर

    • 114*, सनथ जयसूर्या, बनाम सीएसके, 2008
    • 112*, क्विंटन डिकॉक, पंजाब किंग्स, 2026
    • 109*, रोहित शर्मा, केकेआर, 2012
    • 105*, रोहित शर्मा, सीएसके, 2024

    आईपीएल विकेटकीपर के तौर पर सर्वाधिक बार 50+ का स्कोर

    • केएल राहुल - 31
    • क्विंटन डी कॉक - 25
    • एमएस धोनी - 24
    • दिनेश कार्तिक - 21
    • ऋषभ पंत - 21
    • संजू सैमसन - 20

    अर्शदीप का 'शतक'

    शुरुआत में पंजाब के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने स्विंग का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए शुरुआती झटके दिए। उन्होंने पहले रायन रिकेल्टन को आउट किया, जो उनका आईपीएल में 100वां शिकार बने और अगली ही गेंद पर सूर्यकुमार को शून्य पर पवेलियन भेज दिया। ऐसे में नमन धीर को नंबर-4 पर भेजा गया, जिन्होंने धैर्य के साथ खेलते हुए डिकॉक का अच्छा साथ निभाया।

    धीर को अपनी पारी के दौरान कुछ किस्मत का भी साथ मिला। एक बार उनका आसान कैच छूटा, जबकि एक रनआउट का मौका भी विपक्षी टीम ने गंवा दिया। हालांकि उन्होंने इन मौकों का फायदा उठाया और अर्धशतक पूरा किया। डिकॉक और धीर की साझेदारी ने पारी को संभालने के साथ-साथ रन गति को भी बनाए रखा।

    हालांकि अंत के ओवरों में मुंबई टीम उतनी तेजी से रन नहीं बना सकी, जितनी उम्मीद थी। आखिरी ओवरों में हार्दिक पांड्या (14) और अन्य बल्लेबाजों ने तेजी दिखाने की कोशिश की, लेकिन पंजाब के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए रन गति पर कुछ हद तक नियंत्रण बना लिया।

    श्रेयस की शानदार फील्डिंग

    श्रेयस अय्यर ने मैच में शानदार फील्डिंग का प्रदर्शन करते हुए हार्दिक पांड्या का एक अविश्वसनीय 'सुपर कैच' पकड़ा। उन्होंने लांग आन पर छक्का रोकने के लिए हवा में छलांग लगाई और बाउंड्री के पार जाते समय गेंद को जेवियर बार्टलेट की ओर फेंक दिया, जिससे एक बेहतरीन रिले कैच पूरा हुआ।

    यह भी पढ़ें- SRH vs PBKS: चयनकर्ताओं को अपना दम दिखाते Shreyas Iyer, हैदराबाद को हराकर दिल जीतने वाली पोस्ट की शेयर

    यह भी पढ़ें- KKR vs PBKS: पंजाब के प्रभसिमरन ने अपने ही खिलाड़ी को मारी गेंद, बीच में आने की दी 'सजा'