IND vs PAK: अर्जुन राजपूत के शतक पर भारी पड़ा हमजा जहूर का सैकड़ा, भारत को पाकिस्तान के हाथो मिली शिकस्त
पाकिस्तान ने एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप के ग्रुप-ए के मुकाबले में भारत को अल अमीरात के मैदान पर 3 विकेट से मात दी है।

पाकिस्तान ने भारत को तीन विकेट से दी मात

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। हमजा जहूर के ऐतिहासिक शतक की बदौलत पाकिस्तान ने एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया 2026 के ग्रुप-ए के मुकाबले में भारत को तीन विकेट से मात दी है। भारत ने अर्जुन राजपूत की शतक की बदौलत पाकिस्तान के सामने 209 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे पाकिस्तान ने 49वें ओवर में हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान मुश्किल में फंस गया था। उसने 61 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। मगर इसके बाद हमजा की दमदार पारी और हसनैन अब्बास दार के साथ उनकी शतकीय साझेदारी ने मैच पाकिस्तान के हवाले कर दिया।
हमजा ने पाकिस्तान को दिलाई जीत
हमजा ने अपने दम पर पाकिस्तान को शानदार जीत दिलाई है। पांच विकेट जल्द गंवाने के बाद हमजा ने एक छोर पकड़ कर रखा। उन्होंने छठे विकेट के लिए हसनैन के साथ 107 रनों की साझेदारी की।
हमजा और हसनैन की इस साझेदारी ने भारत का हौसला तोड़ दिया। हसनैन 38 रन बनाकर आउट हो गए। मगर हमजा अंतिम तक क्रीज पर डटे रहे। उन्होंने 49वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया और टीम को जीत भी दिला दी।
हमजा ने 100 रनों की पारी में 10 चौके और तीन छक्के लगाए। भारत की ओर से मनल चौहान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। मगर वो भारत को जीत दिलाने में नाकामयाब रहे।
अर्जुन राजपूत का शतक गया बेकार
इससे पहले भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, जो उनकी टीम पर भारी पड़ गया। रायचंदानी दूसरी गेंद पर बोल्ड हो गए।
इसके बाद तीन नंबर पर बल्लेबाजी करने आए वीके विनीथ भी सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। चार नंबर पर बल्लेबाजी करने आए यशबर्धन चौहान सिर्फ 1 रन बना पाए। भारत ने सिर्फ 22 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिया।
चौहान का विकेट गिरने के बाद मैदान पर अर्जुन राजपूत बल्लेबाजी के लिए आए। एक ओर भारतीय बल्लेबाज दबाव में नजर आ रहे थे। दूसरी ओर अर्जुन ने पाकिस्तानी गेंदबाजों पर पहली ही गेंद से दबाव डालना शुरू किया।
अर्जुन ने 5वें विकेट के लिए अन्वय द्रविड़ के साथ 44 रन जोड़े, जिसमें अन्वय का योगदान सिर्फ 10 रनों का रहा। इसके बाद राजपूत ने छठे विकेट के लिए मनल चौहान के साथ 55 गेंदों में 64 रनों की साझेदारी की। इसमें भी 64 में से 50 रन अर्जुन के बल्ले से आए। अर्जुन ने इस दौरान 80 गेंदों में सेंचुरी पूरी की।
अर्जुन ने 85 गेंदें खेलकर 107 रन जड़े। वो रिजवानुल्लाह का शिकार हुए। मगर उनकी इस पारी ने भारत के स्कोर को 200 के पार ले जाने में अहम भूमिका निभाई। मगर ये पारी भारत को जीत नहीं दिला सकी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।