RCB vs KKR Match Preview: कोलकाता के लिए 'करो या मरो' वाला मुकाबला, आरसीबी से पार पाना हो सकता है मुश्किल
आईपीएल प्लेऑफ की दौड़ में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) रायपुर में भिड़ेंगे। आरसीबी शीर्ष चार में जगह पक्की करना चा ...और पढ़ें
-1778590185785_m.webp)
कोलकाता को मिलेगी आरसीबी से टक्कर
HighLights
आरसीबी शीर्ष चार में जगह बनाने को तैयार
केकेआर के लिए यह मुकाबला 'करो या मरो' का
रायपुर की पिच पर स्पिनरों का प्रभाव रहेगा
दीपक शुक्ला, नईदुनिया रायपुर: आईपीएल में प्लेऑफ की दौड़ अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। बुधवार को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) आमने-सामने होंगी।
अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही आरसीबी की नजर जीत के साथ अंतिम चार में अपनी जगह लगभग पक्की करने पर होगी, जबकि केकेआर के लिए यह मुकाबला 'करो या मरो' जैसा माना जा रहा है।
आरसीबी के बल्लेबाजों ने खोई लय
आरसीबी ने इस सीजन में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन पिछले कुछ मुकाबलों में उसकी बल्लेबाजी अपेक्षित लय में नजर नहीं आई। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में टीम को 167 रन के लक्ष्य तक पहुंचने में काफी संघर्ष करना पड़ा था। उस मैच में क्रुणाल पंड्या की जिम्मेदार पारी और अंतिम ओवर में भुवनेश्वर कुमार के छक्के ने टीम को जीत दिलाई थी। ऐसे में आरसीबी प्रबंधन नहीं चाहेगा कि उसकी बल्लेबाजी एक बार फिर दबाव में बिखरे।
पाटीदार की फॉर्म बनी चिंता
कप्तान रजत पाटीदार ने टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में शानदार बल्लेबाजी की थी, लेकिन पिछले कुछ मुकाबलों में उनका बल्ला शांत रहा है। पिछली छह पारियों में वह केवल एक बार ही पचास रन का आंकड़ा पार कर सके हैं। मध्यक्रम में उनकी धीमी फॉर्म का असर टीम के संतुलन पर भी दिखाई दिया है।
हालांकि विराट कोहली लगातार टीम की बल्लेबाजी की धुरी बने हुए हैं। देवदत्त पडिक्कल और टिम डेविड ने भी अहम मौकों पर उपयोगी पारियां खेलकर टीम को संभाला है। रायपुर की पिच अगर पिछले मुकाबले की तरह धीमी और चिपचिपी रही, तो आरसीबी के बल्लेबाजों की परीक्षा और कठिन हो सकती है।
खबरें और भी
नरेन-वरुण की जोड़ी बनेगी चुनौती
केकेआर की ताकत इस समय उसकी गेंदबाजी मानी जा रही है। शुरुआती लड़खड़ाहट के बाद टीम ने लगातार चार जीत दर्ज कर वापसी की है। सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती की स्पिन जोड़ी विरोधी बल्लेबाजों के लिए लगातार परेशानी खड़ी कर रही है। इनके अलावा वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और अनुकूल राय ने भी जरूरत के समय विकेट निकालकर टीम को मजबूती दी है।
रायपुर की पिच पर अगर गेंद रुककर आती है, तो केकेआर के स्पिनरों का प्रभाव और बढ़ सकता है। यही वजह है कि आरसीबी के बल्लेबाजों को शुरुआत से आक्रामक लेकिन संयमित रणनीति अपनानी होगी।
केकेआर के लिए हार का मतलब बाहर होना
तीन बार की चैंपियन केकेआर अभी अंक तालिका में निचले हिस्से में संघर्ष कर रही है। टीम के खाते में 10 मैचों में सिर्फ नौ अंक हैं और अब हर मुकाबला उसके लिए बेहद अहम हो चुका है। यहां हार मिलने पर प्लेऑफ की राह लगभग बंद हो सकती है। कप्तान अजिंक्य रहाणे निरंतरता नहीं दिखा पाए हैं, लेकिन रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी और फिन एलन ने पिछले मैचों में प्रभाव छोड़ा है। कैमरन ग्रीन ने भी बल्ले से उपयोगी योगदान देना शुरू किया है। टीम को हालांकि आरसीबी के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की चुनौती से पार पाना होगा।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं
आरसीबी : रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, टिम डेविड, जैकब बेथेल, रोमारियो शेफर्ड, देवदत्त पडिक्कल, क्रुणाल पांड्या, जितेश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, जॉर्डन काक्स, नुवान तुषारा, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, स्वप्निल सिंह, जैकब डफी, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह, मंगेश यादव, सात्विक देसवाल, विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा।
केकेआर : अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, रोमवमैन पावेल, राहुल त्रिपाठी, फिन एलन, तेजस्वी सिंह, टिम साइफर्ट, कैमरन ग्रीन, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, अनुकूल राय, रमनदीप सिंह, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, रचिन रवींद्र, नवदीप सिंह, उमरान मलिक, आकाश दीप, मथीशा पथिराना, प्रशांत सोलंकी।