दिल्ली पुलिस का ऑपरेशन विस्टा 1.0, अवैध रूप से रह रहे सात बांग्लोदशी नागरिकों को पकड़ा
मध्य जिला पुलिस ने 'ऑपरेशन विस्टा 1.0' के तहत अवैध रूप से रह रहे सात बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। वे डबल एंट्री वीजा पर भारत आए थे, लेकिन निर्धार ...और पढ़ें

दिल्ली में वीजा अवधि से अधिक समय तक रुके सात बांग्लादेशी पकड़े गए।
HighLights
ऑपरेशन विस्टा 1.0 में सात बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से पकड़े गए।
डबल एंट्री वीजा पर 15 दिन की अवधि से अधिक समय तक रुके थे।
सभी को डिटेंशन सेंटर भेजा गया, निर्वासन की प्रक्रिया शुरू की गई।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मध्य जिला में विदेशी नागरिकों के वीजा और आव्रजन नियमों की जांच के लिए चलाए जा रहे आपरेशन विस्टा 1.0 के तहत एएटीएस की टीम ने अवैध रूप से रह रहे सात बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। जांच में सामने आया कि सभी बांग्लादेशी नागरिक डबल एंट्री वीजा पर भारत आए थे, लेकिन प्रत्येक यात्रा के दौरान निर्धारित अधिकतम 15 दिन की अवधि से अधिक समय तक भारत में रुके हुए थे।
इनकी पहचान मोहम्मद नजरुल इस्लाम फैसल, मोहम्मद अमजद हुसैन, मोइनुल हुसैन, अलामिन, मोहम्मद कवासे अली, अमरान हुसैन और अफ्रानुल हक भुइयां समी के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी नागरिकों को डिटेंशन सेंटर भेज दिया है और उनके निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विशेष सत्यापन अभियान चलाया जा रहा
मध्य जिला के उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, मध्य जिले के होटल, गेस्ट हाउस और विदेशी नागरिकों के ठहरने वाले अन्य स्थानों पर विशेष सत्यापन अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नबी करीम इलाके में पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना मिली कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से दिल्ली में रह रहे हैं।
सूचना के बाद मो नजरुल इस्लाम फैसल को पकड़ा गया। उसके पास से बांग्लादेशी पासपोर्ट बरामद हुआ। उसके निशानदेही पर मदनपुर खादर, सरिता विहार और सरिता विहार के एक अन्य स्थान पर छापेमारी कर छह और बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया। सभी सात नागरिक डबल एंट्री वीजा पर भारत आए थे।
खबरें और भी
अधिकतम 15 दिन रुकने की अनुमति
इस वीजा के तहत प्रत्येक यात्रा में उन्हें अधिकतम 15 दिन रुकने की अनुमति थी, लेकिन उन्होंने निर्धारित अवधि से अधिक समय तक भारत में रहकर वीजा की शर्तों का उल्लंघन किया। पुलिस ने सभी सात विदेशी नागरिकों को फारेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन आफिस के समक्ष पेश किया। सभी को सेवा धाम डिटेंशन सेंटर, शाहजादा बाग, सराय रोहिल्ला में भेज दिया गया। उनके खिलाफ निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।