Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आप विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान, बेटे समेत अन्य पर महिला से लज्जा भंग के प्रयास और मारपीट की प्राथमिकी

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 06:00 AM (IST)

    आप विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान और उनके बेटे अंकित कादियान पर एक महिला की शिकायत पर लज्जा भंग करने के प्रयास, मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज किया ग ...और पढ़ें

    आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान।

    आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान।

    HighLights

    1. आप विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान व बेटे पर FIR दर्ज।

    2. महिला से लज्जा भंग, मारपीट और धमकी के आरोप।

    3. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत जांच शुरू की।

    जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। दिल्ली कैंट थाना पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान, उनके बेटे अंकित कादियान और अन्य लोगों के खिलाफ एक महिला से लज्जा भंग करने के प्रयास, मारपीट, जान से मारने की धमकी और अभद्रता समेत विभिन्न आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की है। कार्रवाई कैंट के एक बाजार में फूलों की दुकान संचालित करने वाली महिला की शिकायत पर की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    शिकायत के अनुसार, महिला का परिवार दिल्ली कैंट के एक बाजार में फूलों की दुकान चलाता है। 18 जुलाई को करीब 11 बजे एक व्यक्ति विधायक वीरेंद्र सिंह कादियान के नाम से फूलों का गुलदस्ता लेने पहुंचा। महिला का आरोप है कि उसके माता-पिता ने गुलदस्ते के पैसे मांगे तो संबंधित व्यक्ति ने विधायक का नाम लेकर भुगतान करने से इनकार कर दिया। उसने 500 रुपये की जगह 300 रुपये देने की बात कही और बाकी रकम देने से मना करते हुए धमकी देकर चला गया।

    दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड की एक गाड़ी दुकान पर पहुंची

    महिला का आरोप है कि कुछ देर बाद दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड की एक गाड़ी दुकान पर पहुंची और फूलों की दुकान का सामान उठाकर ले गई, जिससे परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ। इसके बाद परिवार शिकायत लेकर विधायक के कार्यालय पहुंचा। कार्यालय पहुंचने पर महिला की मां के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट हुई। जब उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाने का प्रयास किया तो वहां मौजूद लोगों ने हमला कर दिया।

    अंकित कादियान ने उसके पति पर लोहे की रॉड से हमला

    महिला ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान विधायक के बेटे अंकित कादियान ने उसके पति पर लोहे की रॉड से हमला किया। बीच-बचाव के दौरान उसे धक्का दिया गया, जिससे उसकी गोद में मौजूद करीब दो वर्षीय बच्चा गिर गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अंकित कादियान ने उसके साथ जबरदस्ती करते हुए लज्जा भंग करने का प्रयास किया, कपड़े खींचे और थप्पड़ और लात मारी। साथ ही परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

    खबरें और भी

    घटना विधायक कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई

    महिला का कहना है कि पूरी घटना मोबाइल फोन और विधायक कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। उसने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित करने, आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने, पीड़ितों का चिकित्सीय परीक्षण कराने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। दिल्ली कैंट थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रासंगिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच महिला उपनिरीक्षक अंजना कुमारी को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली में ड्रग कंट्रोल विभाग की कार्रवाई का सच, लाइसेंस रद होने पर भी चल रहे मेडिकल स्टोर