BRICS समिट में परोसेंगे बाजरा उपमा, अवधी कबाब से हैदराबादी बिरयानी तक के व्यंजन; मेन्यू फाइनल-खानसामे तैनात
ब्रिक्स सम्मेलन के लिए मेहमानों के भोजन का मेन्यू तैयार हो गया है। बाजरा उपमा, अवधी कबाब, हैदराबादी बिरयानी जैसे ...और पढ़ें

ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर होटलों में तैयारी जोरो पर है। लुटियन दिल्ली स्थित होटल के समाने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते पुलिसकर्मी। जागरण
HighLights
ब्रिक्स मेहमानों के लिए तैयार हुआ विशेष भोजन मेन्यू।
श्री अन्न (मिलेट्स) आधारित व्यंजन होंगे मुख्य आकर्षण।
भारतीय राज्यों के स्वाद और विदेशी फ्यूजन का संगम।
नेमिष हेमंत, नई दिल्ली। ब्रिक्स सम्मेलन में विशिष्ट मेहमान को उनकी पंसद के व्यंजनों के साथ ही भारत की समृद्ध पाक विरासत का स्वाद लेने का भी मौका मिलेगा। केंद्र सरकार के साथ ही होटल्स स्तर पर इसे लेकर तैयारियां जोरो-शोर से और बहुत ही खास तरीके से चल रही है। जिसमें देशवार अतिथियों के पसंद-नापसंद का खास ख्याल रखते हुए विशुद्ध देशी स्वाद तो विभिन्न देशों के स्वादों का फ्यूजन भी तैयार किया जा रहा है। उसमें भी स्वास्थ्य व शुद्धता पर बारीक नजर है।
बाजरा, ज्वार तो छाछ से लेकर राजस्थानी थाली तक
विशेष कि प्रधानमंत्री के श्री अन्न (बाजरा, ज्वार और रागी जैसे मोटा अनाज) से जहां व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं। उसमें रागी डोसा, बाजरा उपमा और मिलेट पोंगल जैसे पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ मौसमी फल, नारियल पानी और ताजा छाछ परोसने की तैयारी है।
- दोपहर के भोजन में गुजराती, राजस्थानी, के साथ साउथ इंडियन थाली का स्वाद मिलेगा।
- उत्तर भारतीय कश्मीरी पुलाव, दक्कनी तड़का, हैदराबादी वेज, नाॅन-वेज बिरयानी और दक्षिण भारतीय स्ट्यू को मेन्यू का हिस्सा बनाया गया है।
कई राज्यों से बुलाए गए पकवान के 'जादूगर'
मामले से जुड़े एक फाइव स्टार होटल के अधिकारी ने बताया कि देश और विदेश के स्वाद के फ्यूजन के साथ ही विदेशी मेहमानों की डाइट और आदतों का ख्याल रखते हुए लाइव कुकिंग काउंटर्स पर बिना तेल-मसाले के कस्टमाइज्ड काॅन्टिनेंटल नाश्ते का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। इसी तरह, भारत मंडपम में विदेशी मंत्री एस जयशंकर द्वारा विदेशी मेहमानों को दिए जा रहे रात्रिभोज में विभिन्न राज्यों के खानसामे देश की थाली तैयार करेंगे।
वीवीआईपी ब्लाॅक हुए बुक्ड
विशेष कि लुटियंस दिल्ली के प्रमुख होटलों जैसे ताज महल होटल, आइटीसी मौर्या, द लीला पैलेस, द ओबेराय, शांग्री-ला, ताज पैलेस और द ललित में वीवीआईपी ब्लाॅक बुकिंग हो चुकी है।
माना जा रहा है कि द ललित में रूस, चीन, संयुक्त अरब अमीरात, दक्षिण अफ्रीका समेत अन्य देशों से आने वाले आधिकारिक व व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के लिए विशेष ब्लाॅक बुक किए गए हैं।
इसी तरह आईटीसी मौर्या, ताज महल होटल व द लीला पैलेस में ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, ईरान, यूएई, सऊदी अरब के शीर्ष नेताओं व उच्चस्तरीय राजनयिकों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
शुद्धता के साथ स्वास्थ्य का ख्याल
विशेष कि एफएसआइ द्वारा होटलों में इस्तेमाल होने वाले कच्चे सामान, मसालों तथा बेकरी आइटम्स की नियमित जांच शुरू कर दी गई है। पंचतारा होटलों की रसोइयों पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा को लेकर जीरो टालरेंस नीति लागू की गई है।
विशेष खाद्य सुरक्षा अधिकारी सूक्ष्मजीव विज्ञानी तैनात किए जा रहे हैं। जो खाना परोसने से ठीक पहले उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच करेंगे। होटलों में इस्तेमाल होने वाले कच्चे सामान, मसालों और बेकरी आइटम्स की नियमित लैब टेस्टिंग की जा रही है।
भारतीय व्यंजनों का दिखेगा जादू
खास बात यह है कि इस बार विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के लिए अवधी कबाब, तंदूरी डिशेज और धीमी आंच पर पकाई गई भारतीय ग्रेवी वाले व्यंजन परोसे जाएंगे। इसी तरह, प्रतिनिधिमंडलों की धार्मिक व व्यक्तिगत प्राथमिकताओं को देखते हुए शुद्ध शाकाहारी व मांसाहारी व्यंजनों के लिए अलग-अलग सेक्शन और समर्पित रसोइयों की व्यवस्था की गई है।
