DDA ने दिल्ली में 3 साल में 1,116 डिमोलिशन कर 2,719 एकड़ जमीन बचाई, राज्यसभा में केंद्र ने बताया
DDA ने पिछले तीन वर्षों में दिल्ली में 1,116 ध्वस्तीकरण अभियान चलाकर 2,719 एकड़ अतिक्रमित भूमि पुनः प्राप्त की है। राज्यसभा में दी गई जानकारी के अनुसा ...और पढ़ें

डीडीए ने पिछले तीन वर्षों में लगभग 1,116 ध्वस्तीकरण अभियान चलाए।
पीटीआई, नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने पिछले तीन वर्षों में लगभग 1,116 ध्वस्तीकरण अभियान चलाए। इसमें राजधानी में लगभग 2,719 एकड़ अतिक्रमित भूमि पुनः प्राप्त की गई। राज्यसभा को सोमवार को यह जानकारी दी गई।
आवास और शहरी मामलों के राज्य मंत्री टोकन साहू ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि पुनः प्राप्त भूमि में सरकारी भूमि, फुटपाथ, कृषि क्षेत्र, ग्रीन बेल्ट, बाउंड्री वाल, सड़क किनारे पार्किंग स्थान, अस्थायी शेड की दुकानें और स्ट्रीट हाकर्स द्वारा कब्जाई गई क्षेत्र शामिल हैं।
अभियान से पहले स्थलों पर नोटिस चिपकाए गए थे: मंत्री
मंत्री ने कहा कि ध्वस्तीकरण अभियान चलाने से पहले संबंधित स्थलों पर नोटिस उचित रूप से जारी या चिपकाए गए थे, जो मौजूदा नियमों और न्यायालय के आदेशों के अनुसार थे। मंत्री के अनुसार, दिल्ली झुग्गी, झुग्गी झोपड़ी पुनर्वास और पुनर्स्थापन नीति, 2015 के अनुसार योग्य लाभार्थियों के लिए पुनर्वास उपाय किए गए थे।
1800 परिवारों को पुनर्वासित किया गया: मंत्री
उन्होंने कहा कि गोविंदपुरी के भूमिहीन कैंप से करीब 1,800 परिवारों को पुनर्वासित किया गया और उन्हें पुनर्वास योजना के तहत ए-14, कालकाजी एक्सटेंशन में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के फ्लैट आवंटित किए गए, जो निर्धारित पात्रता मानदंडों की पूर्ति पर निर्भर है। जेलर वाला बाग, माता जय कौर व गोल्डन पार्क के झुग्गी समूहों से 1,360 परिवारों को अब तक अशोक विहार में स्वाभिमान अपार्टमेंट्स में पुनर्वासित किया गया है।