ट्रेन से उतरकर बस-मेट्रो और नमो भारत पकड़ना होगा आसान, दिल्ली के ये 7 रेलवे स्टेशन सीधे जुड़ेंगे
दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों को मेट्रो, बस और नमो भारत ट्रेन से जोड़ने के लिए मल्टी-मॉडल ट्रांजिट हब के ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
रेलवे स्टेशन मेट्रो, बस, नमो भारत ट्रेन से सीधे जुड़ेंगे।
आनंद विहार, निजामुद्दीन, नई दिल्ली में विकास कार्य प्रगति पर।
परियोजना की सीधी निगरानी प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा की जा रही है।
संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली। रेलवे स्टेशन से उतरकर लोग आसानी से मेट्रो स्टेशन, बस पकड़कर शहर या एनसीआर के अन्य शहरों में पहुंच सकें। इसके लिए आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन और नई दिल्ली सहित कई अन्य रेलवे स्टेशनों को एकीकृत मल्टी मॉडल ट्रांजिट हब के रूप में विकसित करने की योजना है।
रेलवे स्टेशनों को पास स्थित मेट्रो स्टेशन, नमो ट्रेन, बस स्टैंड से स्काईवाक, फुट ओवर ब्रिज (एफओबी), अंडरग्राउंड सबवे के माध्यम से जोड़ा जाएगा।
इन स्टेशनों पर पार्किंग और लास्ट माइल कनेक्टिविटी की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को सुविधा होने के साथ ही सड़कों पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।
आनंद विहार और निजामुद्दीन में चल रहा ये खास काम
आनंद विहार टर्मिनल और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन को एकीकृत मल्टी मॉडल ट्रांजिट हब के रूप में विकसित करने का काम चल रहा है।
आनंद विहार टर्मिनल को एफओबी के माध्यम से मेट्रो और आईएसबीटी से जोड़ा गया है। यहां ट्रेवलेटर युक्त स्काईवाक बनाने का प्रस्ताव है इससे यह नमो ट्रेन, मेट्रो के साथ ही कौशांबी बस ट्रमिनल से जुड़ जाएगा।
हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन को ट्रेवलेटर वाले एफओबी से नमो ट्रेन स्टेशन के साथ जोड़ा गया है। पास स्थित बस टर्मिनल और मेट्रो तक पहुंच को आसान बनाने की भी योजना है।
-1788612510558.webp)
नई दिल्ली का चल रहा पुनर्विकास कार्य
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य चल रहा है। यहां पर अभी येलो लाइन का मेट्रो स्टेशन के साथ ही एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन है। निर्माणाधीन इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर का भी यहां स्टेशन होगा।
यहां से अलग-अलग स्थानों के लिए बसें भी चलती हैं। पुनर्विकास परियोजना के अंतर्गत इन्हें आपस में जोड़कर एकीकृत मल्टी मॉडल ट्रांजिट हब बनाने की योजना है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री कार्यालय के निर्देशन में पुरानी दिल्ली, सदर बाजार, शाहदरा और समयपुर बादली स्टेशन को भी एकीकृत मल्टी मॉडल ट्रांजिट हब बनाने की योजना है।
पीएमओ कर रहा सीधी निगरानी
इसे लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने रेलवे और अन्य संबंधित विभागों के साथ हाल में बैठक भी की है। उत्तर रेलवे को इसका नोडल एजेंसी बनाया गया है।
संबंधित विभागों के साथ सामंजस्य कर इसका डीपीआर तैयार करना है। इस परियोजना में किसी तरह की लापरवाही न हो इसके लिए पीएमओ इसकी निगरानी कर रहा है।
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन येलो लाइन के चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन से जुड़ा हुआ है। इससे कुछ दूरी पर स्थित कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन और आइएसबीटी से भी इसे जोड़ा जाएगा।
शाहदरा रेलवे स्टेशन भी मेट्रो-बस टर्मिनल से जुड़ेगा
इसी तरह से शाहदरा रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर स्थित रेड लाइन के मेट्रो स्टेशन और बस टर्मिनल को भी आपस में जोड़ने की योजना है। सदर बाजार दिल्ली का प्रमुख थोक बाजार है। यहां के रेलवे स्टेशन से बड़ी संख्या में यात्री आवाजाही करते हैं।
मजेंटा लाइन के निर्माणाधीन जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम कॉरिडोर पर सदर बाजार में मेट्रो स्टेशन बनेगा। वहीं, समयपुर बादली को बाहरी दिल्ली का महत्वपूर्ण ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि एकीकृत मल्टी मॉडल ट्रांजिट हब में पार्किंग, ईवी चार्जिंग सहित आवश्यक यात्री सुविधाएं उपलब्ध होगी।
यह भी पढ़ें- नई दिल्ली-आनंद विहार समेत 4 पार्सल केंद्रों पर लगे एडवांस्ड X-Ray स्कैनर; बिना जांच ट्रेनों में लोडिंग नहीं
यह भी पढ़ें- ट्रेन के पार्सल वैन में अब बिना जांच नहीं जाएगा सामान, दिल्ली के 4 बड़े स्टेशनों पर लगीं स्कैनिंग मशीनें
