Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नई दिल्ली-आनंद विहार समेत 4 पार्सल केंद्रों पर लगे एडवांस्ड X-Ray स्कैनर; बिना जांच ट्रेनों में लोडिंग नहीं

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 07:40 PM (GMT+05:30)

    दिल्ली के चार प्रमुख रेलवे पार्सल केंद्रों पर अब उन्नत एक्स-रे पार्सल स्कैनर लगाए गए हैं। यह प्रणाली प्रतिबंधित और खतरनाक वस्तुओं का पता लगाकर सुरक्षा ...और पढ़ें

    ट्रेनों में लोड होने वाले सामान की होगी स्कैनिंंग। फोटो: जागरण

    ट्रेनों में लोड होने वाले सामान की होगी स्कैनिंंग। फोटो: जागरण

    HighLights

    1. दिल्ली के चार प्रमुख पार्सल केंद्रों पर स्कैनर लगे

    2. खतरनाक व प्रतिबंधित वस्तुओं का पता लगाने में सहायक

    3. सुरक्षा मानकों को बनाए रखते हुए निकासी में तेजी

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। रेलवे के पार्सल केंद्रों पर सामान की जांच की व्यवस्था नहीं होने का लाभ असमाजिक तत्व उठाते हैं। कई बार प्रतिबंधित वस्तुएं पार्सल वैन में रख दिया जाता है जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

    इसके समाधान के लिए दिल्ली के चार प्रमुख पार्सल केंद्रो नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निज़ामुद्दीन और आनंद विहार टर्मिनल में एडवांस्ड एक्सरे पार्सल स्कैनिंग सिस्टम स्थापित की गई। इससे खतरनाक और प्रतिबंधित वस्तुओं का पता लगाया जा सकता है।

    जांच के अभाव में सामने आ चुके हैं कई मामले

    पहले इन पार्सल केंद्रों पर जांच की सुविधा नहीं होने के कारण ग्राहक द्वारा दी गई लिखित जानकारी को सही मानकर और हल्की जांच करने के बाद ट्रेन के पार्सल वैन में सामान लोड करने की अनुमति दे दी जाती थी।

    जांच की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई बार अपराधी प्रतिबंधित सामान पार्सल वैन में लोड कर देते थे। सितंबर, 2024 में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हावड़ा व मुंबई से आने वाली दो ट्रेनों से लगभग चार करोड़ रुपये के जेवरात व नकदी बरामद हुआ था।

    खबरें और भी

    इसी वर्ष मई में ओखला से बेंगलुरु जा रही लीज्ड पार्सल ट्रेन से बड़ी मात्रा में विदेशी सिगरेट बरामद हुआ था। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी नशे का सामान व अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं बरामद हुई हैं। वर्ष 2021 में गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर पार्सल वैन में संदिग्ध ज्वलनशील पदार्थ से आग लग गई थी।

    हर पार्सल की होगी स्कैनिंग, तस्करी पर भी लगेगी रोक

    अब प्रत्येक पैकेट को पार्सल स्कैनर से गुजारना पड़ता है। अधिकारियों ने बताया कि पार्सल स्कैनर लगने से कोई भी ज्वलनशील पदार्थ, बैट्री सहित अन्य प्रतिबंधित सामान नहीं भेज सकेगा।

    यह सुरक्षित ट्रेन परिचालन के लिए आवश्यक है। गहन जांच नहीं होने का लाभ उठाकर कई बार तस्कर ड्रग्स, गैर कानूनी सामान और तस्करी की अन्य वस्तुएं पार्सल के पैकेट में छिपाकर भेज देते हैं। इसे पकड़ने में भी मदद मिलेगी। इस व्यवस्था से उच्च सुरक्षा मानकों को बनाए रखते हुए पार्सल की निकासी में तेजी लाता है।

    अन्य पार्सल केंद्रों पर भी मिलेगी यह सुविधा

    उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि दिल्ली मंडल इस जोन के पार्सल ट्रैफ़िक का लगभग 79 प्रतिशत हिस्सा संभालता है।

    पूरे नेटवर्क में सुरक्षा, कार्यक्षमता और नियमों के पालन को बेहतर बनाने के लिए पार्सल इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया जा रहा है। अन्य पार्सल केंद्रों पर भी पार्सल स्कैनिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

    यह भी पढ़ें- नई दिल्ली और सुपौल के बीच चलेगी विशेष ट्रेन, वाराणसी से होते हुए पहुंचेगी मंजिल तक, इन स्‍टेशनों पर होगा ठहराव

    यह भी पढ़ें- जॉब-ओरिएंटेड कोर्स के लिए पॉलिसी की मांग पर हस्तक्षेप से दिल्ली HC का इनकार, कहा- यह सरकार का नीतिगत फैसला