Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली विधानसभा में BJP-AAP विधायकों में आई मारपीट की नौबत, स्पीकर ने दी चेतावनी; 5 MLA किए सदन से बाहर

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 02:25 PM (IST)

    दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र में आप और भाजपा विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसमें दो विधायक लगभग भिड़ने को तैयार हो गए। स्पीकर ने कड़ी नाराजगी ज ...और पढ़ें

    HighLights

    1. आप-भाजपा विधायकों के बीच सदन में तीखी नोकझोंक हुई।

    2. स्पीकर ने असंसदीय व्यवहार पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

    3. पांच आप विधायकों को मार्शल द्वारा सदन से बाहर किया गया।

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार को तूफानी माहौल में शुरू हुआ। आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच तीखी नोक-झोंक के बीच दो विधायक सदन में लगभग शारीरिक रूप से भिड़ने को तैयार होते दिखे। इससे स्थिति गंभीर हो गई। हालांकि, दोनों पक्षों के विधायकों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इस व्यवहार पर कड़ी नाराजगी जताई।

    विधायकों ने किया बीच-बचाव

    शुरुआत में आप विधायक कुलदीप कुमार और भाजपा विधायक रवि नेगी अपनी-अपनी सीटों से एक-दूसरे पर तीखे शब्दों का हमला बोल रहे थे। अचानक दोनों खड़े हो गए, जोर-जोर से चिल्लाने लगे और एक-दूसरे की तरफ बढ़ने लगे। दोनों दलों के कई विधायक तुरंत दौड़कर उनके बीच कूद पड़े और उन्हें अलग किया। स्थिति और बिगड़ने से पहले ही काबू पा ली गई।

    स्पीकर ने जताई कड़ी नाराजगी

    स्पीकर विजेंद्र गुप्ता इस पूरे प्रकरण से बेहद नाराज नजर आए। उन्होंने इसे 'बहुत दुर्भाग्यपूर्ण' और 'असंसदीय' करार दिया। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा, 'मैं बहुत सख्त कार्रवाई कर सकता हूं। कोई भी सदस्य अपनी सीट छोड़कर दूसरे की तरफ नहीं जाएगा। अपशब्दों का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना अनुमति के बोलने वाले पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। सदन की मर्यादा से कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।'

    प्रवेश वर्मा ने आतिशी पर की टिप्पणी

    यह तीखा पल तब आया जब पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने नेता प्रतिपक्ष आतिशी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि आतिशी मानसून सत्र छोड़कर गोवा घूमने चली गई हैं। तीन दिवसीय मानसून सत्र 11 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान सरकार तीन विधेयक पेश करने और सीएजी की तीन रिपोर्ट सदन के पटल पर रखने वाली है। हालांकि, शुक्रवार के इस नाटकीय आगाज ने पूरे सत्र का माहौल पहले ही तनावपूर्ण बना दिया है।

    खबरें और भी

    पांच विधायकों को करना पड़ा बाहर 

    इसके बाद सदन की कार्यवाही में विपक्ष द्वारा बाधा डालने पर स्पीकर ने आप विधायक संजीव झा, कुलदीप कुमार, विशेष रवि, जरनैल सिंह और सोमदत्त को मार्शल के माध्यम से सदन से बाहर करवा दिया गया। हंगामा यहां पर भी नहीं रुका। शोर बढ़ने के साथ ही सदन की कार्यवाही को दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।

    650 करोड़ के मेडिकल घोटाले की गूंज

    उधर, सदन के बाहर दिल्ली विधानसभा परिसर में आप विधायकों ने ओआरएस पैकेट की माला पहनकर विरोध प्रदर्शन किया। विधायक दिल्ली में 650 करोड़ रुपये के मेडिकल घोटाले का आरोप लगाते हुए भी विरोध कर रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- 'किसी का घर नहीं टूटेगा...', दिल्ली विधानसभा में उठा O-Zone का मुद्दा तो कपिल मिश्रा ने दिया जवाब