दिल्ली में SIR के बीच BLO सुपरवाइजर शिक्षक ने फ्लाईओवर से लगाई छलांग; सुसाइड नोट में लिखा- काम का है भारी दबाव
दिल्ली में एक सरकारी स्कूल के गणित शिक्षक और बीएलओ सुपरवाइजर आनंद कुमार सरोहा ने रानी झांसी फ्लाईओवर से छलांग लगा दी। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड न ...और पढ़ें

सरकारी स्कूल के सुपरवाइजर आनंद कुमार सरोहा ने बृहस्पतिवार को रानी झांसी फ्लाईओवर से 30 फीट की ऊंचाई से लगाई छलांग लगा दी। एआई इमेज
HighLights
गणित शिक्षक आनंद कुमार सरोहा ने फ्लाईओवर से छलांग लगाई।
सुसाइड नोट में काम के अत्यधिक दबाव का जिक्र किया।
दोनों हाथों में फ्रैक्चर, पुलिस मामले की जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में एसआईआर के बीच बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) की निगरानी करने की जिम्मेदारी संभालने वाले सरकारी स्कूल के सुपरवाइजर आनंद कुमार सरोहा ने बृहस्पतिवार को रानी झांसी फ्लाईओवर से 30 फीट की ऊंचाई से लगाई छलांग लगा दी। 45 वर्षीय आनंद कुमार सरोहा एक सर्वोदय बाल विद्यालय में गणित के शिक्षक हैं। पुलिस इस मामले को आत्महत्या के प्रयास के रूप में देख रही है। उन्हें उपचार के लिए बाड़ा हिंदूराव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डाॅक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताया है।
'बिगड़ रही मेरी सेहत'
आनंद कुमार सरोहा, परिवार के साथ शास्त्री नगर में रहते हैं। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने काम को लेकर अत्यधिक तनाव का जिक्र किया है। सुसाइड नोट हिंदी में लिखा है। उसमें उन्होंने काम का अत्यधिक दबाव होने की बात कही है। नोट में लिखा है, 'पिछले तीन-चार दिनों से मैं महसूस कर रहा हूं कि मेरा स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। इसलिए, मैं यह फैसला अपने आप ले रहा हूं।' पुलिस ने नोट को जब्त कर लिया है और इसकी जांच की जा रही है। परिस्थितियों की सही जानकारी के लिए परिवार के सदस्यों, सहकर्मियों और उनके करीबी लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
टूट गए दोनों हाथ
आनंद कुमार सरोहा शिक्षा निदेशालय के तहत आने वाले सर्वोदय बाल विद्यालय में गणित के शिक्षक हैं। शिक्षण के साथ-साथ, उन्हें सदर बाजार के बूथ संख्या 141-150 के लिए मतदाता सूचियों के विशेष गहन संशोधन कार्य में बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) की निगरानी करने वाले सुपरवाइजर की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। रानी झांसी फ्लाईओवर से करीब 30 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाने के कारण उनके दोनों हाथों में फ्रैक्चर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में कई गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
सड़क पर उन्हें घायल अवस्था में देखकर राहगीरों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना गुरुवार शाम करीब 4.33 बजे बाड़ाहिंदू राव अस्पताल से मिली, जहां घायल शिक्षक को सबसे पहले ले जाया गया था। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए उन्हें दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया। पुलिस फ्लाईओवर और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह फ्लाईओवर तक कैसे पहुंचे और घटनाक्रम का सही सिलसिला क्या था।