कांप उठी दिल्ली! सर्दी ने तोड़ा तीन साल का रिकॉर्ड, 4.1 डिग्री तक गिरा पारा; IMD का यलो अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप जारी है। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि सफदरजंग में यह 4.2 ...और पढ़ें

रविवार को दिल्ली में ठंड ने बीते तीन साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
HighLights
दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा छाया।
सफदरजंग में तीन साल का न्यूनतम जनवरी तापमान 4.2°C दर्ज।
IMD ने शीतलहर और कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया।
एएनआई, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने रविवार को अपना जोरदार असर दिखाया। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए रविवार और सोमवार को घने कोहरे तथा शीतलहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों में मौसम की स्थिति और खराब हो सकती है, क्योंकि तापमान में तेज गिरावट जारी है। रविवार की सुबह इस सीजन सबसे ज्यादा सर्द रही। जहां सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। यह पिछले तीन वर्षों में जनवरी का सबसे कम तापमान है। दिन का अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे 19.7 डिग्री सेल्सियस पर रहा, जिससे शहर में लंबे समय से ठंड का कष्ट जारी है।
पालम और आयानगर में 4.5 डिग्री सेल्सियस
विभिन्न मौसम स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान काफी कम दर्ज किया गया। पालम और आयानगर में 4.5 डिग्री सेल्सियस, लोदी रोड पर 4.7 डिग्री सेल्सियस और रिज क्षेत्र में 5.3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिरा। IMD के अनुसार, शीतलहर तब घोषित की जाती है जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक कम हो जाता है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा था।
12 जनवरी के बाद हालात होंगे बेहतर
शीतलहर बढ़ने के साथ हवा की गुणवत्ता भी और खराब हो गई है, क्योंकि प्रतिकूल मौसमी स्थितियां प्रदूषण को बढ़ावा दे रही हैं। लोगों को गर्म कपड़े पहनने, घर के अंदर रहने और विशेषकर बुजुर्गों तथा बच्चों का ध्यान रखने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 जनवरी से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना है, लेकिन फिलहाल दिल्लीवासी इस प्रचंड शीतलहर से जूझ रहे हैं।