14 साल बाद दिल्ली कांग्रेस को मिली पूर्ण प्रदेश कार्यकारिणी, देवेंद्र यादव ने की घोषणा
करीब 14 साल के लंबे इंतजार के बाद दिल्ली कांग्रेस को पूर्ण प्रदेश कार्यकारिणी मिलने जा रही है, जिसमें नए और पुराने सभी सक्रिय नेताओं को समायोजित किया ...और पढ़ें

करीब 14 साल के लंबे इंतजार के बाद दिल्ली कांग्रेस को पूर्ण प्रदेश कार्यकारिणी मिलने जा रही है। फाइल फोटो
HighLights
14 साल बाद दिल्ली कांग्रेस को मिली पूर्ण कार्यकारिणी।
देवेंद्र यादव ने पीएसी, उपाध्यक्ष, महासचिवों की सूची जारी की।
जल्द ही जिलाध्यक्षों की सूची भी आने की उम्मीद।
संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। करीब 14 साल के लंबे इंतजार के बाद दिल्ली कांग्रेस को पूर्ण प्रदेश कार्यकारिणी मिलने जा रही है। इसमें नए और पुराने सभी सक्रिय नेताओं को समायोजित करने का प्रयास चल रहा है। कुछ को पदोन्नत किया जाएगा तो कुछ को खराब प्रदर्शन के चलते पद मुक्त भी किया जा सकता है।
इससे पूर्व 2012 में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष जेपी अग्रवाल ने प्रदेश कार्यकारिणी गठित की थी। इसके बाद अरविंदर सिंह लवली, अजय माकन, शीला दीक्षित, सुभाष चोपड़ा एवं अनिल चौधरी को प्रदेश की कमान मिली। लवली को दोबारा भी यह मौका मिला, लेकिन प्रदेश कार्यकारिणी किसी ने बनाई। अब मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष्र देवेंद्र यादव इस लंबित कार्य को पूरा करने में जुटे हैं।
इस कड़ी में 31 सदस्यीय पाेलीटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी), 12 उपाध्यक्ष और 26 महासचिवों की सूची रविवार रात जारी कर दी गई है। पीएसी में राज्यसभा सदस्य अजय माकन, सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्षों सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। वहीं उपाध्यक्ष और महासचिवों की सूची में वरिष्ठ व अनुभवी युवा नेताओं को ताल- मेज बैठाया गया है। इनमें कई पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष और पार्षद भी शामिल किए गए हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार जल्द ही जिलाध्यक्षों की सूची भी आने वाली है। किराड़ी और तिलक नगर के जिलाध्यक्ष चूंकि उपाध्यक्ष व महासचिव बना दिए गए हैं, लिहाजा अब यहां नई नियुक्त होनी है। कुछ जिलों के अध्यक्ष बदले जाएंगे। एक जिले में महिला अध्यक्ष भी नियुक्त होगी।
इस दिशा में पूर्व प्रदेश महिला अध्यक्ष अमृता धवन और प्रियदर्शिनी कांग्रेस की दिल्ली प्रभारी रह चुकी प्रिया जयंत के नाम की चर्चा है। जानकारों की मानें तो आम आदमी पार्टी के लगातार गिरते ग्राफ के मद्देनजर कांग्रेस भविष्य के लिए अभी से कमर कस रही है।
जिलाध्यक्षों की सूची जल्द आएगी। इसके बाद सचिव नियुक्त किए जाएंगे। जो कुछ नेता रह गए हैं, उन्हें भी समायोजित किया जाएगा। संगठन को मजबूत करके पार्टी भविष्य में होने वाले सभी चुनावों मेें मजबूती के साथ उतरेगी।
-देवेंद्र यादव, अध्यक्ष, दिल्ली कांग्रेस