दिल्ली में वोकेशनल और स्पेशल गेस्ट टीचर्स की सैलरी में सीधे 15 हजार प्रतिमाह की बढ़ोतरी, चेक करें नई लिस्ट
दिल्ली सरकार ने वोकेशनल और समग्र शिक्षा अभियान के तहत कार्यरत शिक्षकों के वेतन में वृद्धि को मंजूरी दी है। ...और पढ़ें
-1777998114167_m.webp)
दिल्ली सरकार ने वोकेशनल और समग्र शिक्षा अभियान के तहत कार्यरत शिक्षकों के वेतन में वृद्धि को मंजूरी दी है। इमेज एआई
HighLights
वोकेशनल शिक्षकों का वेतन 20 हजार से 38,100 हुआ।
समग्र शिक्षा अभियान शिक्षकों का वेतन 21 हजार से 35,420 हुआ।
शिक्षकों के समर्पण का सम्मान, मनोबल बढ़ाने का निर्णय।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के स्कूलों में तैनात 1131 वोकेशनल शिक्षक छात्रों को शैक्षणिक परामर्श व मनोवैज्ञानिक सहयोग देने के साथ ही उनका कौशल आकलन कर उचित परामर्श देते हैं। वहीं, समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत स्थापित विशेष केंद्रों में तैनात शिक्षक पढ़ाई छोड़ने वाले बच्चों को फिर से स्कूल से जोड़ने का प्रयास करते हैं।
परंतु इन शिक्षकों को प्राइमरी और अपर प्राइमरी शिक्षकों की तुलना में कम वेतन दिया जाता है। पिछले काफी समय से इन शिक्षकों द्वारा वेतन वृद्धि की मांग की जा रही थी। इसे अब पूरा कर दिया गया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई दिल्ली सरकार की कैबिनेट की बैठक में इनके वेतन वृद्धि को स्वीकृति दी गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वोकेशनल शिक्षकों का पहले 20 हजार से 23 हजार रुपये के बीच वेतन मिलता था। इसे बढ़ाकर 38,100 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।
वहीं, समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत चल रहे 784 विशेष प्रशिक्षण केंद्रों में कार्यरत शिक्षकों का वेतन 21 हजार रुपये से बढ़ाकर 35,420 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इन केंद्रों के माध्यम से स्कूल से बाहर रह गए बच्चों को शिक्षा से जोड़कर मुख्यधारा में लाया जाता है।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल शिक्षकों के लिए आर्थिक लाभ नहीं, बल्कि शिक्षकों के समर्पण और कठिन परिश्रम का सम्मान है। अब समग्र शिक्षा अभियान के शिक्षकों को प्राइमरी और अपर प्राइमरी शिक्षकों के समान वेतन मिलेगा, जिससे उनका मनोबल बढ़ेगा।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसके लिए विशेष प्रशिक्षण केंद्रों को और मजबूत किया जा रहा है। नियमित निगरानी, अभिभावकों की काउंसलिंग और विभागीय समन्वय के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है प्रत्येक बच्चे को शिक्षा उपलब्ध हो।
सरकार का उद्देश्य केवल बच्चों को स्कूल में लाना नहीं बल्कि उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाना है।
यह भी पढ़ें: स्मार्ट होंगे दिल्ली के आंगनबाड़ी केंद्र: किराए और तंग कमरों की समस्या होगी दूर, पोषण और पढ़ाई के लिए बनेंगे खास इंतजाम