दिल्ली के केशवपुरम में निर्माणाधीन इमारत की तीसरी मंजिल से गिरकर श्रमिक की मौत
दिल्ली के केशवपुरम में एक निर्माणाधीन इमारत की तीसरी मंजिल से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप में ठेकेदार को गि ...और पढ़ें

केशवपुरम में निर्माणाधीन इमारत की तीसरी मंजिल से गिरकर श्रमिक की मौत।
HighLights
केशवपुरम में निर्माणाधीन इमारत से गिरकर मजदूर राजा की दुखद मौत।
सुरक्षा उपायों की कमी के चलते हुआ यह गंभीर हादसा।
पुलिस ने लापरवाही के आरोप में ठेकेदार को किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। राजधानी में निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी लगातार मजदूरों की जान पर भारी पड़ रही है। केशवपुरम थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले नारंग कॉलोनी में करंट लगने से महिला मजदूर की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि इसी इलाके में एक और मजदूर की मौत निर्माणाधीन इमारत की तीसरी मंजिल से गिरकर हो गई। पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर आरोपित ठेकेदार को धर दबोचा है।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई को शाम करीब 4:30 बजे केशव पुरम के ए-1 ब्लॉक मेंं निर्माण कार्य चल रहा था। यहां काम कर रहे करीब 30 वर्षीय मजदूर राजा अचानक काम करते वक्त तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। आनन-फानन में साथी मजदूरों ने उसे गंभीर हालत में दीप चंद बंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद लोकनायक अस्पताल के लिए रेफर किया गया। बाद में इलाज के दौरान राजा की मौत हो गई।
हादसे के बाद इस परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा
मृतक राजा के परिवार में उसकी पत्नी गर्भवती है और हादसे के बाद इस परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक स्वजन ने बताया कि मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उनका कहना है कि निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के लिए हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, सेफ्टी नेट और अन्य जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे। मकान मालिक और ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। इस मामले में पुलिस ने भोलू यादव नामक ठेकेदार को पकड़ा है।