Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में लूटपाट और चाकूबाजी: चार नाबालिगों सहित सात आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

    Updated: Sun, 08 Feb 2026 12:48 AM (IST)

    राजधानी दिल्ली में नाबालिगों और युवाओं द्वारा बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई गई है। मध्य जिले में लूटपाट और चाकूबाजी के दो अलग-अलग मामलों में पुलि ...और पढ़ें

    दिल्ली के लूटपाट के 7 आरोपी गिरफ्तार।

    दिल्ली के लूटपाट के 7 आरोपी गिरफ्तार।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में नाबालिगों और युवाओं के बीच बढ़ती आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। मध्य जिले के आनंद पर्वत और आइ.पी. एस्टेट थाना क्षेत्रों में सामने आए दो अलग-अलग मामलों में लूट और पुरानी रंजिश को लेकर चाकूबाजी की घटनाएं हुईं। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए चार नाबालिगों समेत कुल सात आरोपितों को दबोच लिया है।

    उपायुक्त नितिन मित्तल के मुताबिक, पहली घटना आनंद पर्वत इलाके की है, जहां ट्यूशन पढ़ने जा रहे एक छात्र को तीन नाबालिगों ने रास्ते में रोक लिया। आरोपितों ने छात्र को सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की और उसकी स्मार्टवाच लूट ली।

    उसी दौरान वहां से गुजर रहे बलजीत नगर के अनूप कुमार सिंह की नजर छात्र पर पड़ी। उन्होंने साहस दिखाते हुए छात्र को बचाने की कोशिश की। इस पर एक आरोपित ने अनूप पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। घटना के दौरान शोर सुनकर इलाके में गश्त कर रहे बीट स्टाफ हेड कांस्टेबल धरमराज और कांस्टेबल रवि मौके पर पहुंचे।

    अनूप की मदद से पुलिस ने तीनों नाबालिगों को दबोच लिया। तलाशी में छात्र से लूटी गई स्मार्टवाच भी बरामद कर ली गई। जांच में सामने आया कि पकड़े गए दो नाबालिग पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और इलाके में दबदबा बनाने के लिए लूट और हिंसक वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

    खबरें और भी

    दूसरी घटना आइपी एस्टेट इलाके की है, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस को पीसीआर काल के जरिए झगड़े और चाकूबाजी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने पीड़ित को गंभीर हालत में पाया, जिसके शरीर पर चाकू के कई घाव थे और काफी खून बह चुका था। एसआई गौरव दलाल ने बिना एंबुलेंस का इंतजार किए घायल को अपनी निजी गाड़ी से तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच सकी।

    जांच के दौरान हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपित नोनू उर्फ शिवम की पीड़ित से पुरानी दुश्मनी थी। इसी रंजिश में उसने अपने साथियों राजकुमार, विशाल और एक नाबालिग के साथ मिलकर हमला किया।

    वारदात के बाद सभी आरोपित दिल्ली छोड़कर हिमाचल प्रदेश भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने करनाल, हरियाणा से चारों को दबोच लिया। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल दो चाकू भी बरामद किए गए।

    यह भी पढ़ें- मुंडका अंडरपास की बदहाली: गड्ढे और जलभराव से बढ़ रहे हादसे, 50 हजार लोग प्रभावित