दिल्ली से 2706 हज यात्रियों का चयन, 10 अगस्त तक जमा करनी होगी अग्रिम राशि; देर होने पर सीट होगी रद
दिल्ली से 2,706 हज यात्रियों का चयन किया गया है, जिन्हें 10 अगस्त तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम राशि जमा करनी होगी। निर्धारित तिथि तक भुगतान न करने पर स ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
दिल्ली से 2,706 हज यात्रियों का चयन हुआ।
अग्रिम हज राशि 10 अगस्त तक जमा करें।
भुगतान न करने पर सीट रद्द हो सकती है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। हज कमेटी आफ इंडिया द्वारा हज-2027 के लिए लाटरी के माध्यम से देशभर से लगभग एक लाख 22 हजार हज यात्रियों का चयन किया गया है। इसी क्रम में दिल्ली राज्य के कुल 2,706 हज आवेदकों का पवित्र हज यात्रा के लिए चयन हुआ है।
दिल्ली स्टेट हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने चयनित सभी हज यात्रियों को बधाई देते हुए कहा कि कमेटी सभी हज यात्रियों को समय पर हर प्रकार की आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी ने चयन प्रक्रिया का विवरण देते हुए बताया कि चयनित 2,706 हज यात्रियों में 65 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 440 व 45 वर्ष तथा उससे अधिक आयु की बिना महरम महिलाओं की श्रेणी में 34, बैकलाग श्रेणी में 81 तथा सामान्य श्रेणी में 2,151 यात्रियों का चयन किया गया है।
समय पर राशि नहीं जमा करने पर निरस्त की जाएगी सीट
उन्होंने बताया कि चयनित सभी हज यात्रियों को 10 अगस्त तक एक लाख 52 हजार 300 रुपये प्रति व्यक्ति की अग्रिम हज राशि हज कमेटी आफ इंडिया की वेबसाइट पर आनलाइन अथवा स्टेट बैंक आफ इंडिया या यूनियन बैंक आफ इंडिया की किसी भी शाखा में जमा कराना अनिवार्य है।
निर्धारित तिथि तक अग्रिम राशि जमा न करने पर हज सीट निरस्त की जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि हज-2027 के लिए दिल्ली राज्य से कुल 5,306 आवेदन प्राप्त हुए थे, जबकि दिल्ली की मुस्लिम आबादी के अनुपात के अनुसार राज्य का हज कोटा 1,241 है।
चयनित कुल 2,706 हज यात्रियों में से 1,465 यात्रियों का चयन अन्य राज्यों के अवशिष्ट (शेष) हज कोटे से प्राप्त अतिरिक्त सीटों के माध्यम से किया गया है।
यह भी पढ़ें- यूपी के 22510 श्रद्धालुओं का हज यात्रा के लिए चयन, 10563 महिलाएं भी शामिल; 10 अगस्त तक जमा होगी पहली किस्त