दिल्ली-NCR में सावन की झड़ी, भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त; राजधानी में रेड अलर्ट
दिल्ली में शुक्रवार को सावन की झमाझम वर्षा हुई, जिसमें पुष्प विहार में सर्वाधिक 151 मिमी बारिश दर्ज की गई और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मौसम विभाग ने ...और पढ़ें

दिल्ली में शुक्रवार को सावन की झमाझम वर्षा हुई
HighLights
दिल्ली में शुक्रवार को मूसलाधार मानसूनी वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त।
पुष्प विहार में 151 मिमी, छत्तरपुर में 100 मिमी से अधिक बारिश।
मौसम विभाग ने येलो से रेड अलर्ट में बदला, वर्षा जारी रहेगी।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सावन के महीने में कमोबेश रोज ही हो रही वर्षा के बीच शुक्रवार को मानसून की झमाझम वर्षा का नया ही रूप देखने को मिला। विभिन्न इलाकोें में हुई भारी वर्षा से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया और मौसम विभाग को भी अपने पूर्वानुमान के लिए एक बार फिर कठघरे में खड़ा होना पड़ा।
आलम यह रहा कि पुष्प विहार में जहां 12 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा 151 मिमी वर्षा दर्ज की गई वहीं छत्तरपुर में भी यह आंकड़ा 100 मिमी से ज्यादा का रहा। वर्षा का यह दौर अभी कई दिन जारी रहने का पूर्वानुमान है। एनसीआर में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई।
शुक्रवार सुबह दिल्ली वासी सोकर उठे तो बाहर वर्षा हो रही थी। वर्षा का यह दौर रुक रुककर दिन भर चलता रहा। ज्यादातर जगह मध्यम स्तर की वर्षा हुई तो कुछ स्थानों पर भारी वर्षा देखने को मिली। अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर भी काफी कम रह गया।
हैरत की बात यह कि मौसम विभाग ने पहले अपने पूर्वानुमान में आज के लिए यलो अलर्ट जारी किया था। बाद में इसे आरेंज और फिर रेड अलर्ट में तब्दील कर दिया।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री कम 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम 25.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। मतलब, न्यूनतम और अधिकतम तापमान में केवल लगभग दो डिग्री का अंतर रह गया।
हवा में नमी का स्तर 97 से 100 प्रतिशत रहा। वर्षा सुबह साढ़े आठ बजे से रात साढ़े आठ बजे तक 77.1 मिमी रिकार्ड की गई। एनसीआर की बात करें तो सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे के बीच नोएडा में 70 मिमी, फरीदाबाद में में 62.5 मिमी और गाजियाबाद में 13.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा। हल्की से मध्यम वर्षा का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं इसके बाद भी अभी अगले कई दिन वर्षा का दौर बना रहेगा।
खबरें और भी
| स्थान | वर्षा |
|---|---|
| सफदरजंग | 77.1 |
| पालम | 88.7 |
| लोधी रोड | 49.3 |
| रिज | 49.6 |
| आयानगर | 87.4 |
| राजघाट | 39.1 |
| पूसा | 57.5 |
| मयूर विहार | 64.0 |
| नजफगढ़ | 35.5 |
| जाफरपुर | 15.5 |
| छत्तरपुर | 131.0 |
| जनकपुरी | 72.0 |
| नारायणा | 64.0 |
| झाड़ौदा कलां | 69.5 |
| पुष्प विहार | 151.0 |
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में भारी बारिश और बिजली का अलर्ट, NDMA ने दी अगले 3 घंटे सतर्क रहने की सलाह