डेटिंग एप से हनीट्रैप कर किया अगवा और ठग लिए 7 लाख, दक्षिणी दिल्ली पुलिस ने 5 लोगों को किया गिरफ्तार
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली पुलिस ने हनीट्रैप, अपहरण और 7 लाख रुपये की लूट के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मास्टरमाइंड युवती ने डेटिंग ऐप पर फर् ...और पढ़ें

अन्य मामलों को लेकर पुलिस आरोपितों से कड़ी पूछताछ कर रही है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली स्पेशल स्टाफ ने कालकाजी थाना क्षेत्र में हनी-ट्रैप, अपहरण व लाखों की लूट मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक युवती व चार अन्य युवक शामिल हैं।
मास्टरमाइंड युवती ने थ्रीएफ नामक डेटिंग एप पर शेरी नाम से फर्जी आईडी के जरिए हनीट्रैप कर कालकाजी निवासी युवक को अपने जाल में फंसाया। बाद में अपने साथियों संग उसे बंधक बनाकर उससे करीब सात लाख रुपये लूट लिए। हालांकि, इन आरोपितों का कोई आपराधिक रिकाॅर्ड नहीं मिला है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
जान से मारने की धमकी देकर कराया यूपीआई
दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डाॅ. हेमंत तिवारी के मुताबिक 25 मार्च को पीड़ित अनुरूप नरूला ने शिकायत दर्ज कराई कि थ्रीएफ डेटिंग ऐप पर उसकी पहचान शेरी नाम की एक लड़की से हुई थी। लड़की ने उसे मिलने के बहाने नेहरू प्लेस बुलाया। जब पीड़ित वहां पहुंचा तो लड़की के तीन पुरुष साथियों ने उस पर अचानक हमला कर दिया।
आरोपित उसे जबरन एक कार में डालकर अगवा कर ले गए। कार में उसका गला दबाकर उसे डराया-धमकाया और जान से मारने की धमकी देकर यूपीआई, एटीएम और क्रेडिट कार्ड के जरिए लगभग सात लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।
कोई पुराना आपराधिक रिकाॅर्ड नहीं मिला
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित उसे वापस नेहरू प्लेस में ही छोड़कर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आनलाइन पेमेंट ट्रेल, सीडीआर, ओएसआइएनटी और फास्टैग डेटा का बारीकी से विश्लेषण किया।
खबरें और भी
तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस ने कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर पांचों आरोपितों को धर दबोचा। इनकी पहचान पंचशील विहार निवासी नबोजीत, संजय उर्फ जॉय, साहिल चौहान, छतरपुर निवासी ऋषभ एवं हरलीन कौर उर्फ जेनी के रूप में हुई है।
पूछताछ में पता चला कि मास्टरमाइंड हरलीन ही एप पर शेरी बनकर लड़कों को डेट पर बुलाती थी। हालांकि, आरोपितों का कोई पुराना आपराधिक रिकाॅर्ड नहीं मिला है।
आरोपितों से कड़ी पूछताछ जारी
पुलिस के मुताबिक, आरोपित नबोजीत एक मिक्स्ड मार्शल आर्टिस्ट और जिम ट्रेनर है। संजय एक वेटनरी डाक्टर का असिस्टेंट है और ऋषभ पेशेवर कैब ड्राइवर है। पुलिस ने आरोपितों के पास से वारदात में इस्तेमाल दो कारें, पांच मोबाइल फोन और बैंक खातों में ट्रांसफर की गई लूटी हुई रकम बरामद कर ली है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अन्य मामलों को लेकर पुलिस आरोपितों से कड़ी पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें- चीनी वीजा घोटाले में कार्ति चिदंबरम की याचिका खारिज, दिल्ली हाईकोर्ट ने किया निपटारा
यह भी पढ़ें- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दो दुर्घटनाएं, पति-पत्नी समेत तीन की मौत और तीन घायल
यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पुणे से दो वांछित अपराधियों को किया गिरफ्तार, हथियारों और हिंसक अपराधों में थी तलाश