Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    तिगड़ी में जल बोर्ड के पंप से करंट लगने से युवक की मौत, पानी की कमी पर फूटा गुस्सा

    By Rais Rais Edited By: Sonu Suman
    Updated: Sun, 26 Jul 2026 11:31 PM (IST)

    तिगड़ी के जेजे कैंप में जल बोर्ड के टैंकर पंप का प्लग लगाते समय करंट लगने से अरमान नामक युवक की मौत हो गई। पानी की कमी से आक्रोशित लोगों ने देवली रोड ...और पढ़ें

    मृतक अरमान उर्फ पाले की फाइल फोटो।

    मृतक अरमान उर्फ पाले की फाइल फोटो।

    HighLights

    1. जल बोर्ड टैंकर पंप का प्लग लगाते करंट लगा।

    2. तिगड़ी के अरमान की करंट लगने से दुखद मौत।

    3. पानी की कमी पर आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम की।

    जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। तिगड़ी थाना क्षेत्र स्थित जेजे कैंप में जल बोर्ड के टैंकर में लगे पंप का प्लग घर में जोड़ते समय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मामला शनिवार रात का बताया जा रहा है। घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने देवली रोड की जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख तिगड़ी के साथ ही नेब सराय थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची।

    स्थानीय विधायक आये और मामले में जरूरी कार्रवाई कराने एवं परिवार को मदद दिलाने का भरोसा दिया, जिसके बाद लोग माने। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 39 वर्षीय अरमान उर्फ पाले के रूप में हुई है, जो जेजे कैंप में जे-485 में परिवार के साथ रहते थे। पत्नी के अलावा परिवार में उनके चार बच्चे हैं।

    क्षेत्र में पानी की लगातार कमी बनी हुई

    देवली वार्ड से पूर्व पार्षद सतीष गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में पानी की लगातार कमी बनी हुई है। अरमान ने जल बोर्ड से एक टैंकर मंगवाया था। टैंकर में लगे पंप के तार को वह घर में जोड़ने लगे। प्लग लगाते समय करंट लगने से वे अचेत होकर गिर पड़े। स्वजन उन्हें लेकर बत्रा अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    अरमान कारपेंटर का काम करते थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को सफदरजंग अस्पताल में भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी जुटे और हंगामा करने लगे। देवली रोड पर देखते ही देखते महिलाओं की भीड़ जमा हो गई। लोगों के मुताबिक उनके ब्लाकों में पिछले एक महीने से पीने का पानी नहीं आ रहा है।

    खबरें और भी

    इस गर्मी में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस गए

    उमस भरी इस गर्मी में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस गए। क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों से लेकर दिल्ली जल बोर्ड के दफ्तर के चक्कर काटे। बावजूद इसके न तो उनकी बात सुनी गई और न ही पानी की समुचित व्यवस्था बनी। इस कमी के चलते उनके बीच के एक व्यक्ति की जान चली गई।

    घटना की निष्पक्ष जांच कराने, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने व पेयजल की उपलब्ध सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर स्थानीय विधायक प्रेम चौहान की ओर से आश्वासन मिलने पर देररात प्रदर्शन समाप्त हुआ।

    यह भी पढ़ें- कैप्टन गौड़ मार्ग का कट पूरी तरफ बंद, इस्कॉन मंदिर रोड पर नहीं लगेगा जाम